Monday , 14 September 2026

पहले सूर्यकुमार, अब हरमनप्रीत…  एक साल बाद फिर रिपीट हुई एशिया कप की वही कहानी, नकवी के सामने नहीं झुका BCCI

दुबई हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शानदार खेल दिखाते हुए श्रीलंका को 72 रनों के बड़े अंतर से मात देकर महिला एशिया कप 2026 की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैदान पर भारतीय शेरनियों का दबदबा देखने को मिला, लेकिन खिताबी जीत के बाद दुबई के मैदान पर जो हुआ, उसने खेल प्रेमियों को हैरान कर दिया। रविवार 13 सितंबर की रात चैंपियन बनने के बाद भी भारतीय टीम के हाथों में ट्रॉफी नहीं आ सकी और पुरस्कार वितरण समारोह भारी गतिरोध की भेंट चढ़ गया।

स्टेडियम पहुंचे मोहसिन नकवी और गहराया विवाद खिताबी मुकाबला अपने अंतिम पड़ाव पर था, तभी एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के मौजूदा अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) चीफ मोहसिन नकवी स्टेडियम पहुंचे। नकवी की मंशा विजेता भारतीय टीम को अपने हाथों से ट्रॉफी सौंपने की थी। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इस बात पर कतई राजी नहीं हुआ। इसी तकरार के चलते प्रेजेंटेशन सेरेमनी में काफी देर हुई और पर्दे के पीछे दोनों पक्षों के बीच तीखी बातचीत का दौर चला। भारतीय खेमे ने बीच का रास्ता निकालते हुए सुझाव दिया कि एसीसी के उपाध्यक्ष खालिद अल जरूनी से भारतीय टीम को ट्रॉफी दिलाई जाए, लेकिन इस प्रस्ताव पर बात नहीं बन सकी।

मंच पर नहीं पहुंचे बीसीसीआई पदाधिकारी काफी जद्दोजहद के बाद मोहसिन नकवी ने उपविजेता रही श्रीलंकाई टीम को रनरअप का चेक सौंपा। मंच पर उनके साथ खालिद अल जरूनी, श्रीलंका क्रिकेट ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी के प्रमुख एरान विक्रमरत्ने, एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड के महासचिव मुबाशिर उस्मानी और टाइटल स्पॉन्सर डीपी वर्ल्ड की प्रतिनिधि मौजूद रहीं। वहीं, स्टेडियम में मौजूद होने के बावजूद बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने मंच साझा करने से साफ इनकार कर दिया। दोनों पदाधिकारियों ने मैदान पर जाकर सीधे भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। आखिरकार भारतीय टीम को न तो विनर ट्रॉफी दी गई और न ही मेडल्स, और समारोह इसी अजीबोगरीब स्थिति में समाप्त हो गया।

2025 में भी दुबई में दोहराया गया था यही ड्रामा दुबई के मैदान पर हुए इस पूरे घटनाक्रम ने सितंबर 2025 में खेले गए पुरुष एशिया कप फाइनल के ड्रामे की यादें ताजा कर दीं। उस समय सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को पटखनी देकर खिताब जीता था, तब भी मोहसिन नकवी ही एसीसी प्रमुख थे और भारतीय टीम ने उनके हाथों से ट्रॉफी लेने से साफ इनकार कर दिया था। करीब एक साल बाद महिला एशिया कप के फाइनल में भी बीसीसीआई ने अपने सख्त रुख को बरकरार रखा और नकवी से ट्रॉफी लेने पर असहमति जताई।

 

Check Also

रंगिया के होटल में खौफनाक वारदात: शक के चलते 22 वर्षीय युवक ने कैंची और टेस्टर से गोदकर की प्रेमिका की हत्या, खुदकुशी का भी किया प्रयास

गुवाहाटी। असम के कामरूप ग्रामीण जिले से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया …