Wednesday , 9 September 2026

आगरा में हैवानियत: एक महीने बाद लौटे पति ने लोहे के पाइप से पीटा, फिर गला रेतकर पत्नी को मार डाला; कुंडल-बिछुए नोंचकर बच्चों संग फरार

आगरा (पीलीपोखर): थाना खंदौली क्षेत्र के गांव पीलीपोखर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। करीब एक महीने से गायब प्रॉपर्टी डीलर विवेक सिकरवार जब घर लौटा, तो उसने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। घर में घुसते ही उसने विवाद शुरू किया और फिर लोहे के पाइप से पत्नी किरन (30) के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। जब किरन लहूलुहान होकर गिर पड़ी, तो उसने चाकू से उसका गला रेत दिया। क्रूरता का आलम यह रहा कि हत्या के बाद आरोपी ने मृतका के कानों से कुंडल नोंच लिए और पैरों से बिछुए व चूड़ियां खींचकर अपने दो मासूम बच्चों के साथ मौके से फरार हो गया।

बरामदे में खून से लथपथ मिला शव, संघर्ष के निशान मिले मंगलवार दोपहर तक जब घर का दरवाजा नहीं खुला और कोई बाहर नहीं निकला, तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। अंदर जाकर देखा तो बरामदे में किरन का खून से लथपथ शव पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर टूटी हुई टीनशेड, बिखरा सामान और लोहे के दो पाइप मिले, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि किरन ने खुद को बचाने के लिए काफी संघर्ष किया था। मृतका के कानों पर कुंडल खींचे जाने के गहरे घाव मिले हैं।

दहेज और मकान के नाम पर प्रताड़ना, 15-15 दिन भूखा रखने का आरोप एत्मादपुर के चावली निवासी मृतका के भाई ललित ने बताया कि उन्होंने आठ साल पहले पिता की दो बीघा जमीन बेचकर किरन की शादी विवेक सिकरवार से की थी। विवेक अक्सर नया मकान बनवाने के लिए मायके से रुपये लाने का दबाव बनाता था। ललित का आरोप है कि विवेक कई बार किरन को 15-15 दिन तक खाना नहीं देता था, जिसके चलते मायके वालों ने पास के एक होटल से उसके भोजन का इंतजाम किया था। इस बात पर भी आरोपी पत्नी को बेरहमी से पीटता था। रक्षाबंधन पर भी किरन को मायके नहीं आने दिया गया।

एक माह पहले दर्ज कराई थी शिकायत, बदला लेने पहुंचा था आरोपी परिजनों के अनुसार, करीब एक महीने पहले विवेक ने किरन की जमकर पिटाई की थी। किरन की शिकायत पर जब पुलिस कार्रवाई शुरू हुई, तो आरोपी डरकर घर से भाग गया था। किरन अपने दो बेटों लक्ष्य (6) और मुन्नू (4) के साथ अकेली रह रही थी। सोमवार देर रात विवेक पूरी तैयारी के साथ लौटा और सोची-समझी साजिश के तहत पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद वह दोनों मासूम बच्चों को भी अपने साथ ले गया।

ससुराल पक्ष के 6 लोगों पर नामजद तहरीर, पड़ोसियों पर फूटा गुस्सा घटना की खबर पाकर पहुंचे मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों का गुस्सा पड़ोसियों पर भी फूटा। उनका कहना था कि जब चीख-पुकार मची तो किसी ने आवाज क्यों नहीं सुनी, अगर समय रहते लोग पहुंच जाते तो किरन की जान बच सकती थी। मामले में ललित ने पति विवेक, ससुर राजकुमार, जेठ भानू, जेठानी नीतू, सास और एक अन्य व्यक्ति यश प्रधान के खिलाफ खंदौली थाने में तहरीर दी है।

एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

 

Check Also

दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव राकेश मेहता का निधन: नोएडा स्थित फ्लैट में मिला शव, सुसाइड नोट में छलका दर्द..2010 कॉमनवेल्थ गेम्स में निभाई थी अहम भूमिका

नोएडा: दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव और 1975 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राकेश मेहता …