Tuesday , 8 September 2026

गोंदिया-बालाघाट हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों से भरी बोलेरो को रौंदा, 3 साल के मासूम समेत 6 की मौत; गैस कटर से काटे गए शव

गोंदिया ब्यूरो: महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की सीमा को जोड़ने वाले गोंदिया-बालाघाट राज्य महामार्ग पर सोमवार देर रात रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा हो गया। रोजी-रोटी की तलाश में तेलंगाना जा रहे मजदूरों से भरी बोलेरो गाड़ी को सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भयावह थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और वह मलबे में तब्दील हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक 3 वर्षीय मासूम बच्चे सहित 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों और पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे शवों को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला।

हैदराबाद मजदूरी करने जा रहे थे परिवार, नागरा के पास काल बनकर आया ट्रक गोंदिया ग्रामीण पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की किरनापुर और लांजी तहसील के विभिन्न गांवों से मजदूर अपने परिवारों के साथ बोलेरो (क्रमांक एमपी-15 टी 3495) में सवार होकर तेलंगाना के हैदराबाद जा रहे थे। सोमवार रात करीब 11:30 बजे जैसे ही उनकी गाड़ी गोंदिया शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर नागरा गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (क्रमांक एमएच-35 एजे-2547) ने बोलेरो में सीधी टक्कर मार दी। आमने-सामने की इस टक्कर में बोलेरो बुरी तरह पिचक गई और सवारियां अंदर ही फंस गईं।

गैस कटर से लोहे की चादरें काटकर निकाले गए शव हादसे का धमाका इतना तेज था कि आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े। अंदर फंसे लोग दर्द से तड़प रहे थे और हर तरफ खून बिखरा था। सूचना मिलते ही गोंदिया ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। गाड़ी के मलबे में बुरी तरह फंसे घायलों और शवों को निकालने के लिए कटर मंगाकर लोहे की चादरों को काटना पड़ा। सभी घायलों को फौरन जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 3 साल के बच्चे समेत 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाकी 7 घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

ट्रक चालक मोहसिन खान पर केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी पुलिस ने हादसे में बाल-बाल बचे घायल राजेंद्र शिवचरण पंधारे (निवासी पिपलगांव खुर्द, किरनापुर, बालाघाट) की शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक मोहसिन खान (32) के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया है। गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 106(1), 125(ए), 125(बी) सहित मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस निरीक्षक वैभव पवार के निर्देशन में महिला सहायक पुलिस उपनिरीक्षक वर्षा नैताम मामले की तफ्तीश कर रही हैं।

 

Check Also

बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह की सियासत में एंट्री! बुलंदशहर से दिया बड़ा बयान, बताया कब लड़ेंगी चुनाव

कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के परिवार से अब एक और सियासी चेहरा …