Wednesday , 26 August 2026

दर्दनाक हादसा: अस्पताल की नर्सरी में फटा एसी, भीषण आग में जिंदा जले 15 नवजात; मची चीख-पुकार

इस्लामाबाद।   पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां एक प्रमुख सरकारी अस्पताल की नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (नर्सरी) में भीषण आग लगने से कम से कम 15 नवजात बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। इस रूह कंपा देने वाली त्रासदी ने कई परिवारों की गोद सूनी कर दी। शुरुआती जांच में हादसे का मुख्य कारण एयर कंडीशनिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी और कंप्रेसर का फटना बताया जा रहा है।

16 में से सिर्फ एक मासूम को ही बचाया जा सका

यह भयावह घटना इस्लामाबाद स्थित प्रतिष्ठित ‘पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज’ (PIMS) अस्पताल में घटी। अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, जिस वक्त नर्सरी में आग भड़की, उस दौरान वार्ड में कुल 16 नवजात बच्चे भर्ती थे। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि स्वास्थ्य कर्मियों और बचाव दल को बच्चों को बाहर निकालने का संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस भीषण अग्निकांड में 14 से 15 मासूम पूरी तरह झुलस गए, जबकि केवल एक बच्चे को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

तीसरी मंजिल पर बने एमसीएच वार्ड में धमाके के साथ फैली आग

जिला प्रशासन और बचाव अधिकारियों के मुताबिक, अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित एमसीएच (मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य) वार्ड के नर्सरी कक्ष में अचानक एसी का कंप्रेसर फट गया। तेज धमाके के साथ लगी आग ने चंद ही मिनटों में पूरे कमरे को अपनी जद में ले लिया। धुएं का गुबार और आग की लपटें देखकर पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

राहत-बचाव अभियान और उच्चस्तरीय जांच के आदेश

हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल तुरंत हरकत में आया। आग पर काबू पाने के लिए छह दमकल गाड़ियां और चार एंबुलेंस तत्काल मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया और दोबारा आग न भड़के, इसके लिए कूलिंग ऑपरेशन पूरा किया गया। इस हृदयविदारक हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय जांच समिति गठित कर दी है। यह समिति आग लगने के सटीक कारणों और अस्पताल के फायर सेफ्टी प्रोटोकॉल में हुई संभावित चूकों की पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

यूपी चुनाव से पहले सपा का मास्टरस्ट्रोक: महिलाओं को हर साल ₹40,000 देने का वादा, डिंपल यादव ने किया ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ का ऐलान

लखनऊ।   उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बिसात बिछनी शुरू हो चुकी …