
भारतीय जनता पार्टी ने आगामी चुनावी रणनीतियों को धार देते हुए अपनी संगठनात्मक तैयारियों को तेज कर दिया है। नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा के ठीक बाद पार्टी ने मंगलवार को तीन प्रमुख राज्यों में नए प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। रणनीतिक रूप से बेहद अहम माने जाने वाले उत्तर प्रदेश की कमान पार्टी के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े को सौंपी गई है, जबकि पंजाब का प्रभार सतीश पूनिया और गुजरात की जिम्मेदारी तरुण चुग को दी गई है।
यूपी में विनोद तावड़े पर भरोसा, जगदीश पटेल बने सह-प्रभारी उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन में मजबूत पकड़ रखने वाले विनोद तावड़े को जिम्मेदारी दी गई है। वर्तमान में राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय महामंत्री तावड़े अपनी कुशल चुनावी रणनीति और संगठनात्मक प्रबंधन के लिए जाने जाते हैं। पिछले बिहार विधानसभा चुनावों में भी उनके प्रभारी रहते हुए पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया था और सबसे बड़े दल के रूप में उभरी थी। उत्तर प्रदेश में उनके साथ जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
पंजाब में सतीश पूनिया और गुजरात में तरुण चुग संभालेंगे कमान पार्टी ने पंजाब जैसे संवेदनशील और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य की कमान राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. सतीश पूनिया के हाथों में सौंपी है। उत्तर प्रदेश के साथ पंजाब में भी आगामी महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसे लेकर पार्टी पूरी तरह सक्रिय दिख रही है। वहीं, अगले वर्ष के अंत में होने वाले गुजरात चुनाव के मद्देनजर राज्यसभा सांसद व राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी तरुण चुग को राज्य का प्रभारी बनाया गया है।
नितिन नबीन की नई राष्ट्रीय टीम: 51 नए चेहरे और युवा ऊर्जा का समावेश राज्यों के प्रभारियों की घोषणा से पहले भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया था। इस फेरबदल में पार्टी ने युवा चेहरों और अनुभवी दिग्गजों का अनूठा संतुलन बनाया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को महासचिव और आरएसएस के पूर्व पदाधिकारी राम माधव को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया समेत 13 वरिष्ठ नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। 65 सदस्यीय इस नई टीम में 51 बिल्कुल नए चेहरे हैं, जिनमें 6 पदाधिकारी 40 वर्ष से कम उम्र के, 15 पदाधिकारी 40 से 49 वर्ष आयु वर्ग के और 21 पदाधिकारी 50 से 59 वर्ष आयु वर्ग के हैं।
पीयूष गोयल को कोषाध्यक्ष का जिम्मा, आईटी सेल और युवा मोर्चे में बड़ा बदलाव पार्टी की नई कार्यसमिति में सामाजिक प्रतिनिधित्व का ध्यान रखते हुए 12 महिलाओं और अल्पसंख्यक समुदाय के 6 नेताओं को स्थान दिया गया है। यह पूरा पुनर्गठन 2029 तक के विधानसभा और आगामी लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है, जो केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस टीम में शामिल एकमात्र मंत्री हैं। संगठन में अहम भूमिका निभाने वाले बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बने रहेंगे। वहीं पार्टी ने आईटी सेल में बदलाव करते हुए अमित मालवीय की जगह छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को नया प्रमुख बनाया है। इसके साथ ही सांसद तेजस्वी सूर्या की जगह गुजरात के हेमांग जोशी को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
voice of india