Sunday , 9 August 2026

कानपुर में सनसनीखेज वारदात: गांव के बाहर बने मकान में घुसे हमलावर, सऊदी से लौटे युवक की हत्या, पत्नी की हालत नाजुक

सरसौल, कानपुर। कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत देवसढ़ गांव में आधी रात को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गांव की आबादी से दूर बने मकान में घुसे दो अज्ञात हमलावरों ने एक दंपती पर धारदार हथियार/जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में सऊदी अरब से चार माह पहले लौटे मुमताज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शाहजहां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद दंपती की काली पैशन प्रो बाइक लेकर मौके से फरार हो गए।

ट्यूबवेल पहुंचकर खून से लथपथ पत्नी ने दी सूचना

घटना रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है। साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ गांव निवासी मुमताज (पुत्र स्व. नवी अहमद) अपनी पत्नी शाहजहां और चार माह की मासूम बेटी के साथ आबादी से दूर बने नए मकान में रहते थे। हमले के दौरान शाहजहां बेहोश हो गई थीं, जिससे हमलावर उन्हें मृत समझकर भाग निकले। होश आने पर खून से लथपथ शाहजहां किसी तरह घिसटते हुए घर से बाहर निकलीं और पास के खेत में स्थित ट्यूबवेल पर मौजूद लोगों को पूरी घटना बताई। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।

चार माह पहले ही सऊदी अरब से लौटा था मुमताज

परिजनों ने बताया कि मुमताज करीब चार माह पूर्व ही सऊदी अरब से अपने गांव लौटा था और यहीं रहकर मेहनत-मजदूरी से परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसकी चार माह की एक मासूम बेटी भी है, जो इस दर्दनाक घटना में बाल-बाल बच गई। मुमताज की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों को तुरंत उपचार के लिए हैलट अस्पताल, कानपुर भेजा, जहाँ डॉक्टरों ने मुमताज को मृत घोषित कर दिया, जबकि शाहजहां की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

सीसी कैमरे ऊपर मिले, सोची-समझी साजिश की आशंका

वारदात की सूचना मिलते ही साढ़ और बिधनू पुलिस के अलावा एसीपी, डीसीपी दक्षिण, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को घर में लगे सीसीटीवी कैमरे ऊपर की ओर मुड़े हुए मिले। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि हमलावरों को मकान और कैमरों की पूरी जानकारी थी और उन्होंने पहचान छिपाने के लिए कैमरों की दिशा बदल दी।

कानपुर पुलिस आसपास के मुख्य रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और लूटी गई पैशन प्रो बाइक का सुराग लगाने में जुटी है। फिलहाल पुलिस रंजिश, लूट और अन्य सभी संभावित बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

 

Check Also

प्रयागराज में राहुल गांधी का महाजुटान : ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में गूंजेगा युवाओं का आवाज, पेपर लीक और बेरोजगारी पर सरकार को घेरने की तैयारी !

उत्तर प्रदेश के संगमनगरी प्रयागराज में शनिवार को सियासी हलचल बेहद तेज रहने वाली है। …