
आगरा। ताज नगरी आगरा के थाना ताजगंज इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बंद मकान से तेज दुर्गंध आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बदबू की शिकायत पर जब पुलिस और फोरेंसिक टीम ने ताला तोड़ा, तो कमरे के अंदर महिला का शव पड़ा देख सब दंग रह गए। महिला के सिर पर किसी भारी चीज से वार किए जाने के निशान मिले हैं, जिससे पुलिस इसे बेरहमी से की गई हत्या का मामला मान रही है। घटना के बाद से ही महिला का कथित पति और उसका परिवार फरार है।
बंद मकान से उठ रही थी तेज दुर्गंध
घटना थाना ताजगंज क्षेत्र के दरगाह अहमद बुखारी, नगला पेमा रोड की है। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे स्थानीय निवासियों को फरहान खान के मकान से बहुत तेज सड़न और दुर्गंध आने लगी। अनहोनी की आशंका जताते हुए पड़ोसियों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ताजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को देखते हुए फील्ड यूनिट और फोरेंसिक साइंस टीम को भी बुला लिया।
ताला तोड़ते ही कमरे में मिला खून से लथपथ शव
पुलिस और फोरेंसिक टीम के पहुंचने के बाद जब मकान का ताला तोड़ा गया, तो अंदर एक 35 वर्षीय महिला का शव पड़ा मिला। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे साफ जाहिर हो रहा था कि किसी भारी वस्तु से प्रहार कर उसकी हत्या की गई है। टीम ने तुरंत मौके से भौतिक साक्ष्य जुटाए और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया।
झांसी से आई थी ‘दूसरी पत्नी’, पति का पहला परिवार छूटा था
स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि मकान मालिक फरहान खान (35) शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। उसने अपनी पहली पत्नी को छोड़ दिया था और करीब डेढ़ महीने पहले वह झांसी से उज़मा नामक महिला को अपने घर लाया था। फरहान उसे अपनी दूसरी पत्नी बताता था। मृतका उज़मा के भी पहली शादी से दो बच्चे थे, जिन्हें कुछ दिन पहले ही फरहान झांसी छोड़ आया था।
2-3 दिन से लगा था ताला, पारिवारिक विवाद की आशंका
पड़ोसियों का कहना है कि घर पर पिछले 2-3 दिनों से ताला बंद था और कोई आवाजाही नहीं दिख रही थी। आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक विवाद या अनबन के चलते महिला की हत्या की गई और फिर आरोपी ताला लगाकर फरार हो गए। शुरुआत में स्थानीय लोगों में यह चर्चा भी फैली थी कि अंदर फरहान का शव हो सकता है, लेकिन दरवाजा खुलने पर महिला की लाश मिली।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी पति की तलाश तेज
मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि मृतका की पहचान उज़ेबा (उज़मा) के रूप में हुई है, जो पिछले डेढ़ महीने से फरहान के साथ रह रही थी। वारदात के बाद से ही फरहान और उसके परिजन गायब हैं, जिससे हत्या का शक उन्हीं पर गहरा रहा है। पुलिस सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही मामले का पर्दाफाश करने का दावा कर रही है।
voice of india