Sunday , 16 August 2026

जॉब का झांसा देकर युवती से अश्लील हरकत: एक्सपो मार्ट के पास कार में वारदात, विरोध करने पर रास्ते में फेंककर हुए फरार

ग्रेटर नोएडा। नौकरी का सपना दिखाकर महिलाओं को शिकार बनाने वाले ठगों और दरिंदों के हौसले बुलंद हैं। ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक सिरफिरे ने ऑनलाइन जॉब दिलाने का झांसा देकर युवती को अपनी कार में बुलाया और फिर उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। युवती के कड़े विरोध के बाद आरोपी पीड़िता को रास्ते में ही छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

ऑनलाइन जॉब का दिया था झांसा

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवती ग्रेटर नोएडा के अल्फा-1 सेक्टर में किराए पर रहती है। युवती की पहचान मुंदर नागर नाम के व्यक्ति से थी। आरोपी ने युवती को फोन करके कहा कि वह उसे एक अच्छी ऑनलाइन नौकरी दिलवा सकता है, लेकिन इसके लिए आमने-सामने बैठकर बात करनी होगी। आरोपी की बातों में आकर युवती उससे मिलने के लिए तैयार हो गई।

एक्सपो मार्ट के पास कार रोककर की घिनौनी हरकत

आरोपी मुंदर नागर अपनी कार लेकर युवती के बताए स्थान पर पहुंचा और उसे गाड़ी में बैठा लिया। बातों-बातों में वह गाड़ी को एक्सपो मार्ट की ओर सुनसान इलाके में ले गया। वहां पहुंचते ही आरोपी की नीयत बदल गई और उसने कार के अंदर ही युवती के साथ जबरदस्ती करते हुए उसके नाजुक अंगों को छूने का प्रयास किया।

विरोध करने पर युवती को रास्ते में फेंककर फरार

युवती ने जब आरोपी की इस घटिया हरकत का पूरी ताकत से विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की, तो आरोपी घबरा गया। पकड़े जाने के डर से उसने युवती को तुरंत कार से बाहर धकेल दिया और गाड़ी तेजी से भगाकर मौके से फरार हो गया। किसी तरह डरी-सहमी पीड़िता ने अपने घर पहुंचकर आपबीती बताई और पुलिस से संपर्क किया।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश तेज

थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पीड़ित युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी मुंदर नागर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता लगा रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Check Also

उदयपुर में रूह कंपा देने वाली वारदात: घर के संदूक में प्लास्टिक में लिपटे मिले लापता बुजुर्ग दंपति के शव, इलाके में सनसनी

उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आदिवासी …