Tuesday , 28 July 2026

भोपाल में जन्मदिन के दिन 17 वर्षीय छात्रा ने हॉस्टल में की खुदकुशी: अलीराजपुर से आकर कर रही थी JEE की तैयारी, सुसाइड नोट बरामद

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहाँ स्थित एक प्राइवेट हॉस्टल में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही 17 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि जिस दिन छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठाया, उसी दिन उसका जन्मदिन भी था। घटना की सूचना मिलते ही कटारा हिल्स थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका मूल रूप से मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले की रहने वाली थी। वह भोपाल में रहकर 12वीं कक्षा की पढ़ाई के साथ-साथ इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा ‘जेईई’ (JEE) की कोचिंग कर रही थी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्रा पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव व अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रही थी।

देर रात तक नहीं खुला दरवाजा, फंदे पर लटकी मिली छात्रा

घटना सोमवार शाम की है। छात्रा शाम को हॉस्टल स्थित अपने कमरे में पहुंची थी। संयोग से उसी दिन उसका जन्मदिन भी था। देर रात तक जब उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो हॉस्टल की अन्य छात्राओं को आशंका हुई। उन्होंने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया और आवाजें दीं।

कोई जवाब न मिलने पर जब छात्राओं ने किसी तरह दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। छात्रा कमरे के अंदर फंदे से लटकी हुई मिली। इसके बाद हॉस्टल प्रबंधन और छात्राओं ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, सुसाइड नोट की जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही कटारा हिल्स थाना पुलिस, फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम और फोटोग्राफर मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे जब्त कर जांच के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। कटारा हिल्स थाना प्रभारी के मुताबिक, सुसाइड नोट की लिखावट, छात्रा के मोबाइल फोन और परिजनों के बयानों के आधार पर आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

Check Also

प्रदर्शन दबाने के लिए लाठीचार्ज और हिंसा पर सुप्रीम कोर्ट की दो टूक, कानून हाथ में लेने वालों पर….!

नई दिल्ली: देश में विरोध प्रदर्शनों और पुलिस कार्रवाई को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने एक …