Saturday , 25 July 2026

दहेज में ‘बुलेट’ न मिलने पर हैवान बना पति: कुल्हाड़ी से हमला कर 22 वर्षीय पत्नी की निर्मम हत्या, 8 महीने की मासूम के सिर से उठा मां का साया

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. खैर तहसील क्षेत्र के गांव मऊ में दहेज की हवस और नशे की लत ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया. यहां एक सिरफिरे युवक ने बुलेट मोटरसाइकिल न मिलने से नाराज होकर अपनी 22 वर्षीया पत्नी की धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर नृशंस हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खून से सना हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया.

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खैर लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया. इस खौफनाक वारदात के बाद से गांव में दहशत और मातम का माहौल है.

ससुर ने डायल-112 पर दी सूचना, बचाने दौड़े परिजनों को दी धमकी

पुलिस के अनुसार, मऊ गांव के रहने वाले मुकंदी लाल ने 112 नंबर पर पुलिस को कॉल कर घटना की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि उनके सबसे छोटे बेटे रवि ने घर के कमरे के अंदर अपनी पत्नी विमलेश (22) पर धारदार हथियार से कई वार किए. विमलेश की दर्दनाक चीख-पुकार सुनकर जब परिवार के लोग कमरे की तरफ दौड़े और आरोपी को रोकने की कोशिश की, तो वह सभी को जान से मारने की धमकी देता हुआ हथियार समेत मौके से भाग निकला.

दो साल पहले हुई थी शादी, बुलेट के लिए रोज करता था प्रताड़ित

मृतका विमलेश बुलंदशहर जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी. उसकी शादी दो साल पहले ही मऊ निवासी रवि के साथ हुई थी. मृतका के पिता गिर्राज ने रोते-बिलखते हुए पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही रवि बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उनकी बेटी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था.

पिता ने एक दर्दनाक सच का खुलासा करते हुए बताया कि घटना से दो-तीन महीने पहले भी रवि ने कुल्हाड़ी से विमलेश के सिर पर हमला किया था. उस वक्त गंभीर चोट आने के कारण वह कई दिनों तक एक निजी अस्पताल के आईसीयू (ICU) में जिंदगी और मौत से जंग लड़ती रही थी. हालांकि, उस समय रिश्तेदारों और सामाजिक समझौते के दबाव में आकर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी, जिसका अंजाम आज विमलेश की मौत के रूप में भुगतना पड़ा.

नशेड़ी है आरोपी पति, 8 महीने की बच्ची के सिर से उठा मां का साया

परिजनों ने बताया कि आरोपी रवि नशे का घोर आदी है और मजदूरी करके अपना गुजारा करता था. वह अपने पांच भाइयों और पांच बहनों में सबसे छोटा है. दोनों की एक 8 महीने की मासूम बेटी भी है, जिसे शायद यह भी नहीं मालूम कि अब उसकी मां कभी लौटकर नहीं आएगी.

पुलिस ने शुरू की धरपकड़, आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित

वारदात की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) खैर अभिषेक पटेल और स्थानीय पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा. पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

सीओ खैर अभिषेक पटेल ने बताया कि मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी पति वारदात के बाद से ही फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.

 

Check Also

भोपाल में शिक्षिका से दरिंदगी: मंदिर ले जाने के बहाने घर ले जाकर दुष्कर्म; ब्लैकमेल कर 6 महीने तक यौन शोषण करने वाला अकाउंटेंट गिरफ्तार

भोपाल।  राजधानी भोपाल के बिलखिरिया थाना क्षेत्र से गुरु और शिष्य के पेशे को कलंकित …