Saturday , 25 July 2026

NEET पेपर लीक: देश भर में बढ़ा आंदोलन का दायरा, बिहार बंद का ऐलान, कोलकाता में हिंसा पर 6 FIR दर्ज

नई दिल्ली/पटना/कोलकाता। NEET पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और छात्र संगठनों का आंदोलन अब देशव्यापी रूप ले चुका है। बीते 48 घंटों में दबाव के चलते सरकार के रुख में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। सरकार ने कई सख्त प्रशासनिक कदम उठाए हैं, जिनमें उच्च शिक्षा सचिव को पद से हटाना, NTA के 47 अधिकारियों-कर्मचारियों को बर्खास्त करना और पेपर लीक मामलों के निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की प्रक्रिया तेज करना शामिल है।

सरकार से मिले आश्वासन के बाद 26 दिनों से अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त कर दिया है। हालांकि, प्रदर्शनकारी छात्र और कॉकरोच जनता पार्टी अब भी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं। आज सरकार और CJP के प्रतिनिधियों के बीच तीसरे दौर की महत्वपूर्ण वार्ता होने जा रही है।

बिहार बंद का आह्वान: माले विधायक संदीप सौरभ गिरफ्तार

दिल्ली में जारी हलचल के बीच छात्र संगठन आइसा (AISA) ने आज पूरे बिहार बंद का आह्वान किया है। बंद की पूर्व संध्या पर शुक्रवार देर रात बिहार में भाकपा-माले के विधायक संदीप सौरभ को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस का आरोप है कि विधायक प्रदर्शन की आड़ में हिंसा भड़काने की कोशिश कर रहे थे। विधायक की गिरफ्तारी के बाद बिहार के कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और छात्र संगठनों का आक्रोश चरम पर है।

‘सब बंद किया, बस पेपर लीक बंद नहीं कर पाए’— राहुल गांधी का हमला

कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों के प्रदर्शनों को दबाने के लिए मेट्रो स्टेशन, दुकानें और इंटरनेट बंद किए जाने पर सरकार पर तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने पैलेट गन से घायल एक प्रदर्शनकारी छात्र को मीडिया के सामने पेश किया। इसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी ने लिखा:

“मेट्रो बंद करो. रास्ते बंद करो. दुकानें बंद करो. Internet बंद करो. खाना बंद करो. अपना हक मांग रहे छात्रों के ख़िलाफ़ सरकार ने ये क्रूर कदम उठाए. बस एक चीज़ बंद नहीं कर पाए, मोदी जी— पेपर लीक।”

कोलकाता हिंसा पर पुलिस का कड़ा रुख: 6 एफआईआर दर्ज

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में NEET विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई भीषण हिंसा और पत्रकारों पर हुए हमलों को लेकर कोलकाता पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कुल 6 एफआईआर (FIR) दर्ज की हैं, जिनमें से 5 एफआईआर मीडियाकर्मियों पर हुए हमले के संबंध में दर्ज की गई हैं और एक पुलिस की ओर से ‘सुओ मोटो’ (स्वतः संज्ञान) एफआईआर है। ममता बनर्जी ने भी दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस वीडियो फुटेज खंगालकर उपद्रवियों की शिनाख्त में जुटी है।

जंतर-मंतर पर डिलीवरी ऐप्स पर बैन का दावा फर्जी: दिल्ली पुलिस

सोशल मीडिया पर चल रही उन खबरों को दिल्ली पुलिस ने पूरी तरह खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि नई दिल्ली और जंतर-मंतर इलाके में फूड डिलीवरी ऐप सेवाओं को रोक दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने आधिकारिक एक्स हैंडिल से स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि नई दिल्ली क्षेत्र में भोजन आपूर्ति (फूड डिलीवरी) सेवाओं पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसी भ्रामक और बिना पुष्टि वाली अफवाहों पर ध्यान न दें।

भीषण गर्मी और उमस के बावजूद डटे हैं छात्र

जंतर-मंतर पर कड़े पहरे और भीषण गर्मी-उमस के बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। शनिवार सुबह सामने आए वीडियो में छात्र कागजों और गत्तों से हाथ-पंखा बनाकर खुद को हवा जलते और नारे लगाते दिखाई दिए। छात्रों का स्पष्ट कहना है कि जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते और पूरी परीक्षा प्रणाली में ठोस सुधार की गारंटी नहीं मिलती, तब तक उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

Check Also

राहुल गांधी की धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे और पीएम मोदी से माफी की मांग: पेपर लीक मुद्दे पर लगातार दूसरे दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस

नई दिल्ली: नीट (NEET) पेपर लीक और देश भर में जारी छात्र आंदोलन के मुद्दे …