Sunday , 12 July 2026

खौफनाक वारदात: 49 बार फोन कॉल, फिर नहर में उतारा मौत के घाट; खुदकुशी दिखाने के लिए पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची रोंगटे खड़े करने वाली साजिश

रेवाड़ी: सोशल मीडिया और आधुनिक समाज में इन दिनों एक बेहद खौफनाक और डरावना ट्रेंड देखने को मिल रहा है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. कभी हनीमून पर धक्का देना, कभी मंगेतर को खाई में गिराना, तो कभी शव को बाथरूम में दफनाना या ड्रम में बंद करना—पत्नियों द्वारा पतियों की हत्या के तरीके अब इस कदर क्रूर होते जा रहे हैं कि सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएं. पुणे की सिया, सोनम, मुस्कान और निकिता जैसी महिलाओं के बाद अब इस काली फेहरिस्त में हरियाणा के रेवाड़ी की एक और पत्नी का नाम जुड़ गया है. शातिर दिमाग पत्नी ने पुलिस और फॉरेंसिक टीम की आंखों में धूल झोंकने के लिए एक ऐसी चालाक साजिश रची कि शुरुआत में कानून भी धोखा खा गया.

शादी के महज 10 दिन बाद खूनी खेल, प्रेमी संग मिलकर बनाया ‘परफेक्ट मर्डर’ का प्लान

हरियाणा के रेवाड़ी में रहने वाले मोनू की शादी इसी साल तन्नु (तनु) नाम की लड़की से हुई थी. शादी के बाद तन्नु सिर्फ 10 दिन ही अपने ससुराल में रही और फिर मायके चली गई. दरअसल, तन्नु को मोनू बिल्कुल पसंद नहीं था, क्योंकि वह सोनू नाम के एक अन्य युवक से बेपनाह प्यार करती थी और उसी के साथ अपनी जिंदगी बिताना चाहती थी. मोनू को अपने रास्ते से हमेशा के लिए हटाने के लिए तन्नु ने अपने प्रेमी सोनू के साथ मिलकर एक ऐसा खतरनाक प्लान तैयार किया, जिससे मोनू की मौत मर्डर नहीं बल्कि पूरी तरह से खुदकुशी (आत्महत्या) नजर आए.

49 बार फोन कॉल और सैलरी का बहाना, नहर किनारे ऐसे बिछाया मौत का जाल

बीती 8 जून की रात तन्नु ने अपनी साजिश को अंजाम देने के लिए मोनू को फोन किया. उसने मोनू को अपनी सैलरी के पैसे साथ लेकर नहर के पास मिलने के लिए बुलाया. पत्नी के बुलाने पर मोनू ने अपने घर में झूठ बोला कि उसके पेट में दर्द है और वह डॉक्टर के पास जा रहा है. रात करीब 9 बजे मोनू अपनी स्कूटी लेकर घर से निकला, लेकिन वह नहीं जानता था कि वह अपनी मौत के करीब जा रहा है. नहर किनारे तन्नु का प्रेमी सोनू और उसका एक दोस्त पहले से ही अंधेरे में घात लगाकर बैठे थे. जैसे ही मोनू वहां पहुंचा, उन्होंने उसे दबोच लिया.

फॉरेंसिक टीम को छकाने की साजिश: बिना चोट के निशान दिए ऐसे उतारा मौत के घाट

तन्नु और उसके प्रेमी का प्लान बेहद शातिर था. वे जानते थे कि अगर मोनू पर चाकू, लाठी या जहर का इस्तेमाल किया गया, तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मर्डर का खुलासा हो जाएगा. इसलिए उन्होंने मोनू को पकड़कर उसका नाक, मुंह और कान पूरी तरह से दबा दिए. दम घुटने के कारण जब मोनू बेहोश हो गया, तो उन्होंने उसे जिंदा ही बहती नहर में फेंक दिया. उनका सोचना बिल्कुल सही था कि पानी में डूबने से जब मोनू की मौत होगी, तो शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिलेगा और पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर फाइल बंद कर देगी.

सफल हो गई थी तन्नु की साजिश, 7 दिनों तक ससुराल में रोने का नाटक करती रही कातिल पत्नी

हैरानी की बात यह है कि शुरुआत में तन्नु की यह खौफनाक साजिश पूरी तरह सफल होती दिखी. घटना के दो दिन बाद जब मोनू का शव पानी से बरामद हुआ, तो शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह सिर्फ डूबना बताई गई. शरीर पर बाहरी चोट के निशान न होने के कारण पुलिस और परिवार ने इसे आत्महत्या मान लिया. मोनू का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया. इस बीच, कातिल पत्नी तन्नु पूरे सात दिनों तक अपने ससुराल में रहकर परिवार के साथ रोने-बिलखने और दुख जताने का नाटक करती रही, ताकि किसी को उस पर रत्ती भर भी शक न हो.

एक गलती से खुला राज: मोबाइल डेटा डिलीट करना पड़ा भारी, पुलिस ने ऐसे किया पर्दाफाश

सब कुछ तन्नु के प्लान के मुताबिक चल रहा था, लेकिन मोनू के परिवार वालों को उसकी खुदकुशी की बात हजम नहीं हो रही थी. परिवार की समझदारी और पुलिस की मुस्तैदी के बाद जब मामले की परतें खुलनी शुरू हुईं, तो सच सामने आ गया. पुलिस ने जब मोनू के मोबाइल की कॉल डिटेल्स खंगाली, तो एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ. घटना वाले दिन यानी 8 जून को तन्नु और मोनू के बीच पूरे 49 बार बातचीत हुई थी.

इसके बाद जब पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो मोनू और आरोपी नहर की तरफ जाते हुए दिखाई दिए. सबसे बड़ी गलती आरोपियों ने यह की कि उन्होंने पकड़े जाने के डर से अपने मोबाइल का डेटा डिलीट कर दिया था, जिसने पुलिस के शक को यकीन में बदल दिया. जब पुलिस ने तन्नु और उसके प्रेमी सोनू को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो दोनों टूट गए और उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया. फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

 

Check Also

कानपुर के होटल में प्रेमी युगल ने खाया सल्फास, शादीशुदा जिंदगी के बीच पनपी अधूरी मोहब्बत का खौफनाक अंत…4 घंटे बाद कमरे से आई चीखें

 कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने …