Sunday , 5 July 2026

दिल्ली की DTC बस में शर्मनाक हरकत: भीड़ का फायदा उठाकर महिला से सरेआम छेड़खानी, रूह कंपा देगा यह वायरल वीडियो

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किए जाने वाले तमाम बड़े-बड़े दावे एक बार फिर हवा-हवाई साबित हुए हैं। दिल्ली की एक चलती डीटीसी (DTC) बस से एक ऐसी हैरान कर देने वाली और शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे प्रशासनिक अमले और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बस में खचाखच भरी भीड़ का फायदा उठाकर एक मनचले युवक ने सफर कर रही महिला के साथ सरेआम छेड़खानी की। आरोपी लगातार गलत नीयत से महिला को छूता रहा और महिला डर के मारे सहमी रही। इस पूरी घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है।

खौफ में जीती रही महिला, ढिठाई पर अड़ा रहा मनचला

वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक महिला डीटीसी बस में सफर कर रही है। बस में यात्रियों की भारी भीड़ है और इसी का आड़ लेकर एक युवक महिला को गलत तरीके से छूने की कोशिश कर रहा है। इस घिनौनी हरकत के दौरान पीड़िता के चेहरे पर खौफ, बेबसी और लाचारी के भाव साफ पढ़े जा सकते हैं। खुद को बचाने के लिए महिला ने हिम्मत दिखाते हुए कई बार आरोपी का हाथ झटक कर उसे पीछे हटाने की कोशिश की। लेकिन आरोपी युवक की ढिठाई और हौसले इस कदर बुलंद थे कि वह महिला के विरोध के बावजूद अपनी गंदी हरकतों से बाज नहीं आया और लगातार छेड़छाड़ करता रहा।

दावों की खुली पोल: CCTV और फ्री टिकट के बाद भी बेटियां असुरक्षित

चलती बस में हो रही इस शर्मनाक वारदात का वीडियो वहां मौजूद किसी यात्री ने चुपके से अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब इंटरनेट पर आग की तरह फैल रहा है। इस वीडियो को ‘@india.civiclens’ नाम के इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया गया है। वीडियो के कैप्शन में दिल्ली सरकार की व्यवस्थाओं पर तीखे सवाल दागते हुए लिखा गया है कि यह एक बहुत बड़ी प्रशासनिक विफलता है कि देश की राजधानी में, जहां की मुख्यमंत्री खुद एक महिला हैं, वहां इस तरह सरेआम उत्पीड़न हो रहा है। बड़े पैमाने पर प्रचारित किए गए सीसीटीवी कैमरों और महिलाओं के लिए मुफ्त टिकट की सुविधा के बावजूद, दिन-दहाड़े बेटियों को ऐसे मनचलों और अपराधियों के खौफ का सामना करना पड़ रहा है।

भड़के लोग, बोले- ‘फ्री सफर की कीमत महिला का सम्मान नहीं हो सकती’

वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस लफंगे के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग तेज हो गई है। वायरल पोस्ट के कैप्शन में आगे लिखा गया है कि अगर मुफ्त पब्लिक ट्रांसपोर्ट की कीमत किसी महिला को अपनी सुरक्षा, सम्मान और मानसिक सदमे के तौर पर चुकानी पड़े, तो ऐसी सरकारी सुविधाएं पूरी तरह से बेकार हैं। इस वीडियो में दिख रहे आरोपी को तुरंत सलाखों के पीछे भेजा जाना चाहिए ताकि समाज में एक कड़ा संदेश जाए और मनचलों को यह सबक मिले कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट उनके लिए शिकार करने का अड्डा नहीं है।

सोशल मीडिया पर फूटा यूजर्स का गुस्सा, बयां किया अपना दर्द

इस खौफनाक वीडियो को देखने के बाद इंटरनेट यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा है और लोग आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘इस युवक पर तुरंत एक्शन होना चाहिए और इसे सबक सिखाना चाहिए।’ वहीं दूसरे यूजर ने पीड़िता को ढांढस बंधाते हुए लिखा, ‘लड़की को डरने की बजाय उसे वहीं सरेआम थप्पड़ जड़ देना चाहिए था।’ इस बीच एक महिला यूजर ने दिल्ली की कड़वी सच्चाई बयां करते हुए बेहद दर्दनाक बात लिखी। उन्होंने कहा, ‘यह कोई नई बात नहीं है, हम जैसी कामकाजी महिलाओं को रोजाना बसों और मेट्रो में इस तरह की घिनौनी हरकतों का सामना करना पड़ता है।’ फिलहाल यह वीडियो पुलिस महकमे के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।

Check Also

VIDEO: मेसी की चमक पर भारी पड़ा केप वर्डे का करिश्माई गोल, देखें कैसे पलट गई पूरी बाजी

मियामी: फीफा विश्व कप 2026 (FIFA World Cup 2026) के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में …