प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (जमुनापार) से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां करछना थाना क्षेत्र के निरिया गांव में बीती रात बच्चे के जन्म की खुशियां उस वक्त मातम में तब्दील हो गईं, जब जश्न के दौरान की गई हर्ष फायरिंग में एक 22 साल के होनहार युवक सर्वेश यादव की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक युवक एग्रीकल्चर (कृषि) विभाग में फील्ड मैनेजर के पद पर कार्यरत था। इस खौफनाक हादसे के बाद शादी-ब्याह और जश्न के माहौल में सन्नाटा पसर गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी को उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
डीजे की धुन पर थिरक रहे थे कदम, तभी लाइसेंसी रिवाल्वर से चली गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करछना के निरिया गांव के रहने वाले एक यादव परिवार में बच्चे का जन्म हुआ था। इसी खुशी में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश (एमपी-यूपी) के सीमावर्ती गांव से रिश्तेदार और बधाव गाने वाले आए हुए थे। सोमवार रात करीब 11 बजे घर के आंगन में डीजे की धुन पर हंसी-खुशी का माहौल चल रहा था और लोग जश्न मना रहे थे। इसी बीच परिवार का ही एक सदस्य विजय यादव जोश में आकर अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से ताबड़तोड़ हर्ष फायरिंग करने लगा। दुर्भाग्य से, हवा में चलाई गई गोली सीधे वहां मौजूद राजेंद्र प्रसाद यादव के 22 वर्षीय बेटे सर्वेश यादव को जा लगी। गोली लगते ही सर्वेश खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

फरार हो गए सारे रिश्तेदार, रात 3 बजे पुलिस को लगी भनक
जश्न के बीच अचानक हुई इस अनहोनी और सर्वेश की मौत के बाद वहां भगदड़ मच गई। जो रिश्तेदार कुछ देर पहले तक नाच-गा रहे थे, वे कानूनी कार्रवाई के डर से रात के अंधेरे में ही मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस प्रशासन को इस वारदात की भनक रात करीब 3 बजे लगी। सूचना मिलते ही करछना थाना पुलिस भारी बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था सर्वेश, आरोपी हथियार समेत गिरफ्तार
इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक सर्वेश यादव अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर का था और हाल ही में कृषि क्षेत्र में फील्ड मैनेजर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहा था। उसके पिता ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में कार्यरत हैं और बेटे की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित एक्शन लिया और फरार होने की फिराक में घूम रहे आरोपी विजय यादव को आला कत्ल यानी उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर के साथ दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की सख्त विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
voice of india
