
निघासन-खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के सिंगाही थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां प्रेम प्रसंग में मिले धोखे और मानसिक तनाव के चलते एक 20 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। खौफनाक कदम उठाने से ठीक पहले युवक ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक वीडियो पोस्ट किया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
शादी समारोह में शुरू हुई थी लव स्टोरी, महिला के पति के पास लौटने से टूटा दिल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंगाही कस्बा के रहने वाले करीब 20 वर्षीय इरफान का प्रेम प्रसंग रचना (परिवर्तित नाम) नाम की एक विवाहित महिला के साथ चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों की मुलाकात लगभग एक साल पहले एक शादी समारोह के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातें शुरू हुईं और नजदीकियां प्यार में बदल गईं। हालांकि, कुछ समय बाद इस रिश्ते में दरार आने लगी। हाल ही में रचना इरफान को छोड़कर अपने पति के पास वापस लौट गई थी, जिससे इरफान पूरी तरह मानसिक रूप से टूट चुका था। परिजनों के मुताबिक, उसने महिला को वापस लाने की काफी मिन्नतें कीं, लेकिन जब वह नहीं मानी तो उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
“रचना को कोई परेशान न करे…” 1 मिनट 44 सेकंड के वीडियो में छलका दर्द
मंगलवार देर रात फंदे से लटकने से पहले इरफान ने अपने मोबाइल से 1 मिनट 44 सेकेंड का एक विदाई वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में इरफान बेहद भावुक होकर कहता नजर आ रहा है— “हम तुमसे मोहब्बत किया ठीक… अब तुम खुश रहो हमारे बिना।” टूट चुके आशिक ने मरते-मरते भी अपनी प्रेमिका की हिफाजत की बात कही। उसने वीडियो में साफ कहा कि उसकी मौत के लिए किसी को भी जिम्मेदार न ठहराया जाए और उसके जाने के बाद रचना को कोई परेशान न करे। यह वीडियो पोस्ट करने के तुरंत बाद उसने खौफनाक कदम उठा लिया।
महिला के पति ने पहले भी दर्ज कराया था केस, जांच में जुटी सिंगाही पुलिस
बुधवार सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची सिंगाही थाना पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस प्रेम कहानी में विवाद पहले से चल रहा था। महिला के पति ने कुछ समय पहले इरफान, उसके पिता और भाई के खिलाफ स्थानीय थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा भी दर्ज कराया था। पुलिस अब उस दर्ज मुकदमे, वायरल वीडियो और पारिवारिक तनाव के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।
voice of india