Tuesday , 28 July 2026

सीएम योगी का बड़ा संदेश: अब सप्ताह में एक दिन सार्वजनिक परिवहन से चलेंगे मंत्री, फ्लीट में 50% कटौती और विदेश दौरों पर 6 माह की रोक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कार्यसंस्कृति में मितव्ययिता, अनुशासन और सादगी का नया अध्याय शुरू किया है। विस्तारित मंत्रिमंडल की पहली बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि वे जनता के बीच एक ‘आदर्श’ प्रस्तुत करें। सीएम ने मंत्रियों से सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन (मेट्रो, बस या ई-रिक्शा) का उपयोग करने और अपने सरकारी वाहनों की फ्लीट को आधा (50 प्रतिशत) करने का आह्वान किया है। साथ ही, अगले छह महीनों तक मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की विदेश यात्राओं पर भी रोक लगा दी गई है।

ईंधन संरक्षण को बनाया राष्ट्रीय दायित्व

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में पेट्रोल और डीजल की बचत करना केवल आर्थिक मजबूरी नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का हवाला देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के मंत्रियों को खुद उदाहरण पेश करना चाहिए। सीएम ने सुझाव दिया कि जनप्रतिनिधि न केवल सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें, बल्कि कारपूलिंग और साइकिल को भी अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं ताकि आम जनता को ऊर्जा संरक्षण की प्रेरणा मिले।

डिजिटल कार्यसंस्कृति और ‘वर्क फ्रॉम होम’ पर जोर

शासन-प्रशासन को अधिक आधुनिक और संसाधन-संवेदनशील बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने हाइब्रिड बैठकों और डिजिटल माध्यमों के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 50 से अधिक कर्मचारियों वाले संस्थानों में सप्ताह में दो दिन ‘वर्क फ्रॉम होम’ की व्यवस्था अपनाई जानी चाहिए। इसके अलावा, सरकारी दफ्तरों में बिजली बचाने के लिए एयरकंडीशनर (AC) का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखने और प्राकृतिक रोशनी का उपयोग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

‘वोकल फॉर लोकल’ और पीएनजी को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ का मंत्र दोहराया। उन्होंने मंत्रियों से उपहारों में ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ODOP) के सामान का उपयोग करने और निजी आयोजनों के लिए घरेलू स्थलों को चुनने की अपील की। इसके साथ ही, एलपीजी सिलेंडर के स्थान पर पीएनजी (PNG) कनेक्शन को प्राथमिकता देने के लिए नीतिगत बदलाव करने और सौर ऊर्जा को जन-आंदोलन बनाने की बात कही।

नए मंत्रियों को नसीहत: आचरण ही सबसे बड़ा संदेश

मंत्रिमंडल में शामिल नए सदस्यों का परिचय कराते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि का आचरण ही जनता के लिए सबसे बड़ा संदेश होता है। उन्होंने कहा कि जनता हर दिन सरकार के कामकाज का मूल्यांकन करती है, इसलिए कम समय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना अनिवार्य है। मुख्यमंत्री ने कैबिनेट मंत्रियों को अपने सहयोगी राज्य मंत्रियों के साथ समन्वय बिठाकर और वरिष्ठों के अनुभव से सीखकर काम करने की सलाह दी।

Check Also

UP IPS Transfer: यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल! 15 IPS अधिकारियों का तबादला, तरुण गाबा बने लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त और कार्यकुशल बनाने …