मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से प्यार और तकरार की एक ऐसी अनोखी कहानी सामने आई है, जो इन दिनों पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां एक प्रेमी जोड़े ने पुलिस की मौजूदगी में मंदिर में दोबारा शादी रचाई। मामला दिलचस्प इसलिए है क्योंकि युवक का पैर टूटने के बाद प्रेमिका उसे छोड़कर मायके चली गई थी, लेकिन गर्भवती होने के बाद जब उसने वापसी की जिद पकड़ी, तो मामला थाने तक पहुंच गया।
चोरी-छिपे निकाह और फिर आई जुदाई की घड़ी
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला सोनभद्र जनपद की एक युवती और मिर्जापुर के राजगढ़ थाना क्षेत्र के एक युवक के बीच प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। दोनों का प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि उन्होंने परिजनों को बिना बताए गुपचुप तरीके से शादी कर ली थी। शादी के बाद युवक अपनी पत्नी (प्रेमिका) को घर ले आया और कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक रहा। इसी बीच एक सड़क हादसे में युवक का पैर टूट गया। मुसीबत की इस घड़ी में युवती प्रेमी का साथ देने के बजाय उसे अकेला छोड़कर अपने मायके चली गई।
गर्भवती होने पर याद आया ‘पिया’ का घर, थाने पहुंची प्रेमिका
पत्नी के इस व्यवहार से आहत होकर युवक उसे वापस लेने ससुराल नहीं गया। काफी समय बीतने के बाद जब युवती को पता चला कि वह गर्भवती है, तो उसने वापस अपने पति के पास रहने का फैसला किया। हालांकि, युवक के परिवार वाले उसे अपनाने को तैयार नहीं थे। ऐसे में युवती ने हार नहीं मानी और अपने परिजनों के साथ राजगढ़ थाने पहुंचकर पुलिस से गुहार लगाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों को थाने बुलाया और घंटों तक पंचायत चली।
मंदिर में दोबारा हुई शादी, खुशी-खुशी विदा हुई दुल्हन
पुलिस की मौजूदगी में हुई पंचायत के बाद लड़के के परिजन युवती को साथ ले जाने के लिए राजी हो गए। लेकिन कहानी में मोड़ तब आया जब युवती ने जिद पकड़ ली कि वह बिना दोबारा शादी किए घर नहीं जाएगी। प्रेमिका की इस ‘रिस्टार्ट’ शादी की जिद के आगे परिजनों को झुकना पड़ा और आनन-फानन में पास के ही एक मंदिर में दोनों की दोबारा शादी कराई गई। इसके बाद युवक अपनी गर्भवती पत्नी को लेकर घर रवाना हुआ।
क्या बोले राजगढ़ थाना प्रभारी?
इस पूरे घटनाक्रम पर राजगढ़ थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि युवती की शिकायत पर दोनों पक्षों को थाने बुलाकर काउंसिलिंग की गई थी। आपसी सहमति के बाद दोनों पक्ष साथ रहने को तैयार हो गए और लड़के वाले युवती को अपने साथ घर ले गए हैं। फिलहाल, यह ‘दोबारा वाली शादी’ पूरे राजगढ़ क्षेत्र में सुर्खियां बटोर रही है।
voice of india
