चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में एक नए युग का सूत्रपात होने जा रहा है। अभिनेता से राजनेता बने थलपति विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो चुका है। प्रशंसक अपने ‘थलाइवा’ की ताजपोशी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन इसी बीच शपथ ग्रहण समारोह के समय को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। चेन्नई के नेहरू इंडोर स्टेडियम में होने वाले इस भव्य आयोजन के समय में ऐन वक्त पर बदलाव किया गया है।
IPL मैच के चलते बदला गया समय
ताजा जानकारी के अनुसार, विजय अब कल यानी रविवार, 10 मई को दोपहर के बजाय सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले उनकी पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (TVK) ने दोपहर 3:15 बजे का समय निर्धारित किया था, जिस पर राज्यपाल ने भी सहमति दे दी थी। हालांकि, चेन्नई में होने वाले IPL मैच और उससे जुडी सुरक्षा व्यवस्था व ट्रैफिक की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने समय बदलने का अनुरोध किया था। भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने सुबह का वक्त मुकर्रर किया है।
#UPDATE | तमिलनाडु के नए CM विजय के शपथ ग्रहण समारोह का समय बदलकर कल, 10 मई को सुबह 10 बजे कर दिया गया है। https://t.co/j9x0E2cFxo pic.twitter.com/KMcm0wbkDc
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 9, 2026
मंत्रिमंडल का फॉर्मूला तय: कांग्रेस को भी मिलेगी जगह
सूत्रों के मुताबिक, थलपति विजय के साथ 9 विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इस मंत्रिमंडल में गठबंधन धर्म का पूरा ख्याल रखा गया है। चर्चा है कि 6 मंत्री TVK कोटे से होंगे, जबकि 3 विधायक कांग्रेस की ओर से मंत्री बनाए जा सकते हैं। तमिलनाडु चुनाव 2026 के नतीजों ने सबको चौंका दिया था, जहां विजय की महज दो साल पुरानी पार्टी ने DMK और AIADMK जैसे दिग्गजों को पछाड़ते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की।
जादुई आंकड़े तक ऐसे पहुंचे थलपति
तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों के समर्थन की जरूरत थी। TVK के पास 108 सीटें थीं, लेकिन बहुमत के लिए कुछ और साथियों की दरकार थी। द्रविड़ राजनीति के पारंपरिक ढर्रे को बदलने के लिए CPI, CPI(M) और कांग्रेस ने पहले ही विजय को समर्थन दे दिया था। अंत में VCK के समर्थन ने विजय की राह की आखिरी बाधा भी दूर कर दी, जिससे अब उनके नेतृत्व में नई सरकार का गठन सुनिश्चित हो गया है।
विजय कैबिनेट की संभावित लिस्ट: किसे मिलेगा कौन सा विभाग?
कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में जिन चेहरों को जिम्मेदारी मिलने की उम्मीद है, उनकी सूची इस प्रकार है:
-
विजय: मुख्यमंत्री (लोक प्रशासन, पुलिस और गृह मंत्रालय)
-
सेंगोत्तैयन: लोक निर्माण विभाग
-
एन. आनंद: नगर प्रशासन विभाग
-
सी.टी.आर. निर्मलकुमार: विद्युत विभाग
-
आधव अर्जुन: खेल और निषेध विभाग
-
राजमोहन: आदि द्रविड़ कल्याण विभाग
-
मुस्तफा: अल्पसंख्यक कल्याण विभाग
-
अरुणराज: वाणिज्यिक कर विभाग
-
वेंकट रमणन: स्कूली शिक्षा विभाग
कल सुबह 10 बजे होने वाले इस ऐतिहासिक समारोह पर न केवल तमिलनाडु बल्कि पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।
voice of india
