Friday , 8 May 2026

सुवेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में बड़ा खुलासा: प्रोफेशनल शूटरों ने रची साजिश, ‘ग्लॉक 47X’ पिस्टल का हुआ इस्तेमाल…पढ़ें 90 मिनट की खौफनाक टाइमलाइन: कैसे हुई वारदात?

कोलकाता/बारासात। पश्चिम बंगाल की राजनीति एक बार फिर रक्त रंजित हो उठी है। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के बेहद करीबी और उनके निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की सनसनीखेज हत्या ने राज्य में चुनावी हिंसा के डर को दोबारा जिंदा कर दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस को पुख्ता संकेत मिले हैं कि यह कोई सामान्य अपराध नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी जिसे प्रोफेशनल शूटरों ने अंजाम दिया है।

बारासात में मिली दूसरी चोरी की बाइक

पुलिस जांच में एक महत्वपूर्ण कड़ी हाथ लगी है। हत्या में इस्तेमाल की गई दूसरी मोटरसाइकिल गुरुवार रात बारासात के 11 नंबर रेल गेट के पास लावारिस हालत में बरामद की गई। जांच में पता चला है कि यह बाइक दमदम इलाके से चोरी की गई थी। इससे पहले पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक कार और एक अन्य बाइक भी जब्त की थी, जिन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। हमलावरों ने कार का चेसिस और इंजन नंबर तक मिटा दिया था, जो उनके ‘प्रोफेशनल’ होने का बड़ा सबूत है।

90 मिनट की खौफनाक टाइमलाइन: कैसे हुई वारदात?

  • रात 9:00 बजे: चंद्रनाथ कोलकाता से अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से मध्यमग्राम स्थित घर के लिए निकले।

  • रात 9:58 बजे: CCTV फुटेज में उनकी गाड़ी के पीछे एक संदिग्ध कार और दो बाइकें पीछा करती नजर आईं।

  • रात 10:30 बजे: मध्यमग्राम के दोहरिया जंक्शन के पास हमलावरों की कार ने स्कॉर्पियो का रास्ता रोका।

  • फायरिंग: जब तक कोई कुछ समझ पाता, बाइक सवार शूटरों ने स्कॉर्पियो की बाईं ओर आकर अंधाधुंध 6 से 10 राउंड फायरिंग की। चंद्रनाथ के सीने और पेट में तीन गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौत हो गई।

ग्लॉक 47X पिस्टल: आधुनिक हथियार से हुआ हमला

जांचकर्ताओं को मौके से जो सबूत मिले हैं, वे चौंकाने वाले हैं। हत्या में ग्लॉक 47X (Glock 47X) जैसी आधुनिक पिस्टल का इस्तेमाल किया गया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस तरह के हथियारों का इस्तेमाल आमतौर पर पेशेवर अपराधी या सुपारी लेकर हत्या करने वाले गिरोह ही करते हैं।

फोन पर सुनाई दी गोलियों की आवाज

भाजपा विधायक शंकर घोष ने इस घटना को लेकर रोंगटे खड़े कर देने वाला दावा किया है। उन्होंने बताया कि जिस वक्त हमला हुआ, वे चंद्रनाथ रथ से फोन पर बात कर रहे थे। वे दोनों शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी पर चर्चा कर रहे थे। घोष के मुताबिक, “अचानक फोन पर गोलियों की आवाज आई, फिर चंद्रनाथ के करहाने की आवाज सुनाई दी और फोन कट गया। जब दोबारा फोन किया तो किसी अजनबी ने उठाकर बताया कि उन्हें गोली मार दी गई है।”

सुवेंदु अधिकारी के 13 साल में 3 करीबियों की मौत

यह पहली बार नहीं है जब सुवेंदु अधिकारी के किसी करीबी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई हो। पिछले 13 वर्षों में यह चौथी घटना है:

  1. 2013: पीए प्रदीप झा की मौत (सामान्य माना गया)।

  2. 2018: पीएसओ शुभव्रत चक्रवर्ती की मौत (आत्महत्या करार दिया गया)।

  3. 2021: पीए पुलक लाहिड़ी की असामान्य परिस्थितियों में मौत।

  4. 2026: अब चंद्रनाथ रथ की हत्या।

सियासी उथल-पुथल: विधानसभा भंग

इस हत्याकांड के बीच पश्चिम बंगाल की राजनीति में संवैधानिक संकट भी गहरा गया है। राज्यपाल आरएन रवि ने विधानसभा भंग कर दी है, जिसका कार्यकाल 7 मई को समाप्त हो रहा था। राज्य में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और 3 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Check Also

‘द बंगाल फाइल्स’ की कोलकाता में वापसी: विवेक अग्निहोत्री ने किया नई रिलीज डेट का ऐलान, सियासी बदलाव के बीच सिनेमाघरों में मचेगी हलचल

कोलकाता। फिल्म निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की बहुचर्चित और विवादित फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ एक बार …