जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों के सफर को मातम में बदल दिया। झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर कालपी क्षेत्र के जोल्हुपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार टवेरा कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
अयोध्या दर्शन के बाद घर लौट रहा था परिवार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ललितपुर निवासी एक ही परिवार के लोग अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार जोल्हुपुर गांव के पास पहुंची, अचानक संतुलन बिगड़ने से गाड़ी हाईवे पर कई बार पलटी खा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग बुरी तरह अंदर फंस गए।
कार के दरवाजे काटकर बाहर निकाले गए शव
चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बचाव दल और पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कार के दरवाजों को कटर से काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य 4 घायलों का उपचार जारी है, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
हाईवे पर लगा लंबा जाम, शिनाख्त में जुटी पुलिस
हादसे के बाद झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर रास्ता साफ कराया। फिलहाल पुलिस मृतकों और घायलों के परिजनों से संपर्क करने और उनकी पहचान पुख्ता करने की प्रक्रिया में जुटी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से ललितपुर में शोक की लहर दौड़ गई है।
voice of india
