Saturday , 12 September 2026

नीलामी वाली गाड़ियों पर ‘सरकारी नंबर’ लगा कर भौकाल दिखाना पड़ेगा भारी, RTO ने जारी किया अल्टीमेटम

कानपुर। शहर की सड़कों पर सरकारी नंबर प्लेट (BG और AG सीरीज) की धमक दिखाकर टोल बचाने और रौब गांठने वालों पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। अक्सर देखा जाता है कि लोग विभाग द्वारा नीलाम की गई पुरानी सरकारी गाड़ियों को खरीद तो लेते हैं, लेकिन उन पर लगी ‘खास’ नंबर प्लेट को नहीं हटाते। अब ऐसे 145 वाहन स्वामियों की पहचान कर आरटीओ (RTO) ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

नीलामी में खरीदी गाड़ी, पर मोह नहीं छूट रहा ‘सरकारी’ नंबर का

दरअसल, सरकारी विभागों से नीलाम होने वाले वाहनों में एजी (AG) और बीजी (BG) सीरीज के नंबर लगे होते हैं। नियमानुसार, नीलामी के बाद इन नंबरों को आरटीओ में सरेंडर कर नया प्राइवेट नंबर लेना अनिवार्य होता है। एआरटीओ प्रशासन आलोक कुमार सिंह ने बताया कि कई लोग इस नंबर का दुरुपयोग अपने निजी फायदे के लिए कर रहे हैं। सरकारी नंबर प्लेट लगी होने के कारण टोल प्लाजा पर अक्सर भ्रम की स्थिति पैदा होती है और लोग चेकिंग से बचने के लिए भी इसका सहारा लेते हैं।

18 ने बदला नंबर, बाकी पर गिरेगी कार्रवाई की गाज

विभाग द्वारा की गई हालिया समीक्षा में सामने आया है कि कुल 145 वाहन स्वामियों को नोटिस भेजा गया था। इनमें से अब तक केवल 18 जागरूक स्वामियों ने ही अपने नंबर सरेंडर कर उन्हें निजी सीरीज में परिवर्तित कराया है। बाकी बचे वाहन मालिकों के लिए आरटीओ ने कड़ा रुख अपनाया है। विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि जिन लोगों ने नोटिस के बावजूद नंबर नहीं बदले हैं, उनकी सूची तैयार कर ली गई है।

रजिस्ट्रेशन होगा निरस्त, गाड़ियां हुईं ब्लैक लिस्ट

एआरटीओ आलोक कुमार सिंह के मुताबिक, जिन वाहन स्वामियों ने आदेश की अनदेखी की है, उनके वाहनों को तत्काल प्रभाव से ब्लैक लिस्ट कर दिया गया है। इसका मतलब है कि अब इन गाड़ियों से संबंधित कोई भी कार्य (जैसे फिटनेस, ट्रांसफर या इंश्योरेंस अपडेट) पोर्टल पर नहीं हो सकेगा। यदि इसके बाद भी सरकारी नंबर नहीं हटाए गए, तो विभाग इन वाहनों का रजिस्ट्रेशन (RC) स्थायी रूप से निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर देगा। प्रशासन की इस सख्ती से उन लोगों में खलबली मच गई है जो अब तक सरकारी पहचान की आड़ में सड़कों पर फर्राटा भर रहे थे।

Check Also

2026 Maruti Suzuki Baleno Facelift: नई कीमतों का हुआ ऐलान, ₹5.99 लाख की शुरुआती कीमत में मिलेंगे ADAS और धांसू माइलेज जैसे फीचर्स

मारुति सुजुकी ने अपनी लोकप्रिय प्रीमियम हैचबैक 2026 बलेनो फेसलिफ्ट की कीमतों को लेकर स्थिति …