Wednesday , 28 October 2026

थिएटर में झड़प : प्रभास की फिल्म ‘डार्लिंग’ की री-रिलीज पर बवाल, फैन को लाठी-चप्पलों से पीटा… वायरल वीडियो ने मचाया हड़कंप

हैदराबाद। साउथ सुपरस्टार प्रभास और काजल अग्रवाल की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘डार्लिंग’ ने 16 साल बाद एक बार फिर सिनेमाघरों में दस्तक दी है। 2010 की इस कल्ट क्लासिक फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा था, लेकिन हैदराबाद के एक थिएटर से आई एक खौफनाक तस्वीर ने जश्न के माहौल को मातम और गुस्से में बदल दिया है। फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान थिएटर के अंदर ही एक दर्शक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।

थिएटर बना अखाड़ा: कर्मचारी ने फैन पर बरसाईं लाठियां

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस विचलित करने वाले वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे सफेद शर्ट पहने एक शख्स को नीली टी-शर्ट वाला व्यक्ति (जो थिएटर का कर्मचारी बताया जा रहा है) बेरहमी से पीट रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि कर्मचारी ने उस व्यक्ति पर लाठी और चप्पलों से हमला किया। यह घटना 23 अप्रैल की बताई जा रही है, जब हैदराबाद के एक नामी सिनेमाघर में ‘डार्लिंग’ का शो चल रहा था। देखते ही देखते पूरा थिएटर अखाड़े में तब्दील हो गया और दर्शक फिल्म छोड़ इस हंगामे को देखने लगे।

आखिर क्यों भड़का विवाद? सामने आई दो अलग कहानियां

इस हिंसक झड़प की वजह को लेकर सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया में अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।

  • गाने को लेकर विवाद: एक रिपोर्ट के मुताबिक, फैंस इस बात से नाराज थे कि फिल्म के एक शो में तो सभी गाने बजाए गए, लेकिन उनके वाले शो में एक लोकप्रिय गाना काट दिया गया। इसी बात को लेकर फैंस और मैनेजमेंट के बीच बहस शुरू हुई जो मारपीट तक पहुंच गई।

  • महिला कर्मचारी से बदसलूकी का आरोप: वहीं, कुछ चश्मदीदों का कहना है कि पिटने वाला व्यक्ति नशे की हालत में था और उसने थिएटर की एक महिला कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि उसने महिला कर्मचारी को भद्दे इशारे (मिडिल फिंगर) दिखाए, जिसके बाद कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा।

दोस्त का दावा- बैग छीनने पर शुरू हुआ हंगामा

इस बीच, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक यूजर ने खुद को पीड़ित का दोस्त बताते हुए एक नया दावा पेश किया है। उसने कहा कि थिएटर कर्मचारी ने बिना किसी वजह के उसके दोस्त का बैग छीन लिया था। जब उसने इसका विरोध किया, तो कर्मचारियों ने समूह बनाकर उसे पीटना शुरू कर दिया। फिलहाल, थिएटर प्रबंधन की ओर से इस पूरे मामले पर अब तक कोई आधिकारिक बयान या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

प्रभास के फैंस में भारी नाराजगी

प्रभास के फैंस इस घटना के बाद से काफी गुस्से में हैं। उनका कहना है कि अगर किसी ने गलती की थी, तो पुलिस को बुलाया जाना चाहिए था, कानून हाथ में लेकर इस तरह सरेआम पिटाई करना गलत है। हैदराबाद पुलिस इस वीडियो का संज्ञान ले रही है या नहीं, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं। फिलहाल ‘डार्लिंग’ की री-रिलीज की चर्चा अब इसकी सफलता से ज्यादा इस विवाद के कारण हो रही है।

Check Also

Stock Market Crash: शेयर बाजार में हाहाकार, खुलते ही 700 अंक टूटा सेंसेक्स; आईटी सेक्टर में सबसे बड़ी मार, इंफोसिस और HCL Tech धड़ाम

भारतीय शेयर बाजार के निवेशकों के लिए 28 अक्टूबर का कारोबारी दिन भारी गिरावट के …