Wednesday , 28 October 2026

कोलंबिया में आसमान से बरसी मौत: वायुसेना का हरक्यूलिस C-130 विमान क्रैश, 34 जवानों की मौत से मचा कोहराम

बोगोटा: दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया से एक हृदयविदारक सैन्य हादसे की खबर सामने आई है। सोमवार को कोलंबियाई वायुसेना का एक विशालकाय हरक्यूलिस C-130 परिवहन विमान उड़ान भरते समय तकनीकी खराबी का शिकार होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में अब तक 34 जांबाज सैनिकों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य लापता बताए जा रहे हैं। विमान में कुल 125 सैन्यकर्मी सवार थे। हादसा इतना भयानक था कि विमान रनवे से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जा गिरा और उसके परखच्चे उड़ गए।

पेरू सीमा के पास अमेजन के जंगलों में गिरा विमान

जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा पेरू सीमा के पास दक्षिणी अमेजन क्षेत्र के प्यूर्टो लेगुइजामो में हुआ। पुटुमायो प्रांत के गवर्नर जॉन गैब्रियल मोलिना ने स्थानीय मीडिया ‘काराकोल नोटिशियास’ से बात करते हुए बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है। अब तक 34 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें से 21 की पहचान की प्रक्रिया अभी चल रही है। रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज ने बताया कि विमान ने जैसे ही टेक-ऑफ किया, वह अनियंत्रित होकर रनवे से दूर जा गिरा। सेना और स्थानीय प्रशासन मौके पर मौजूद है और मलबे में दबे अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो का सख्त रुख: ‘लापरवाह अफसरों को हटाऊंगा’

इस हादसे पर कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे देश के लिए एक बड़ी क्षति बताया है। राष्ट्रपति ने साफ शब्दों में कहा कि जवानों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासनिक देरी पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि सेना के संसाधनों के आधुनिकीकरण में बाधा डालने वाले अधिकारियों को पद से हटाया जाएगा। पेट्रो ने निर्देश दिए हैं कि सेना के लिए नए हेलीकॉप्टर, आधुनिक ट्रांसपोर्ट विमान और एंटी-ड्रोन सिस्टम की खरीद तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

C-130 हरक्यूलिस: दुनिया का भरोसेमंद विमान आखिर कैसे हुआ फेल?

हादसे का शिकार हुआ C-130 हरक्यूलिस विमान दुनिया के सबसे सुरक्षित और शक्तिशाली सैन्य परिवहन विमानों में गिना जाता है। यह विमान दुर्गम इलाकों और कच्चे रनवे पर उतरने की अपनी काबिलियत के लिए मशहूर है। लगभग 19,000 किलोग्राम तक का भार ढोने में सक्षम यह विमान युद्ध क्षेत्र में टैंक, बख्तरबंद गाड़ियां और सैनिकों को पहुंचाने का मुख्य जरिया है। आपदा राहत और मेडिकल इमरजेंसी में भी इसका बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। ऐसे भरोसेमंद विमान का क्रैश होना कोलंबियाई वायुसेना के रखरखाव और तकनीकी जांच पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।

हादसे की 4 तस्वीरें…

क्रैश के बाद विमान ने आग पकड़ी और पूरी तरह जल गया।
क्रैश के बाद विमान ने आग पकड़ी और पूरी तरह जल गया।
हादसा इतना भयानक था कि विमान की आग दूर से देखी जा सकती थी।
हादसा इतना भयानक था कि विमान की आग दूर से देखी जा सकती थी।
हादसे के बाद मदद के लिए जाते हुए लोग।
हादसे के बाद मदद के लिए जाते हुए लोग।
कई किमी दूर से भी धुंआ दिखाई दे रहा था।
कई किमी दूर से भी धुंआ दिखाई दे रहा था।

Check Also

Stock Market Crash: शेयर बाजार में हाहाकार, खुलते ही 700 अंक टूटा सेंसेक्स; आईटी सेक्टर में सबसे बड़ी मार, इंफोसिस और HCL Tech धड़ाम

भारतीय शेयर बाजार के निवेशकों के लिए 28 अक्टूबर का कारोबारी दिन भारी गिरावट के …