Thursday , 28 May 2026

राज्यसभा चुनाव 2026: हरियाणा, बिहार और ओडिशा की 11 सीटों पर वोटिंग जारी; क्रॉस वोटिंग के डर से बढ़ी धड़कनें

नई दिल्ली/पटना/चंडीगढ़: देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए आज का दिन बेहद निर्णायक है। सुबह 9 बजे से हरियाणा, बिहार और ओडिशा की 11 सीटों के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। हालांकि, सात राज्यों की 26 सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं, लेकिन असली मुकाबला इन 11 सीटों पर टिका है जहाँ ‘क्रॉस वोटिंग’ (Cross Voting) के साये ने राजनीतिक दलों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। शाम तक इन सीटों के नतीजे आने के साथ ही राज्यसभा का नया गणित साफ हो जाएगा।

बिहार: कांग्रेस के दो विधायकों के फोन बंद, महागठबंधन में खलबली

बिहार की राजनीति में एक बार फिर सस्पेंस गहरा गया है। मतदान के बीच खबर है कि कांग्रेस के दो विधायक, सुरेंद्र कुशवाहा और मनोज विश्वास ने अभी तक अपना वोट नहीं डाला है और सूत्रों के अनुसार उनके फोन भी बंद आ रहे हैं। राजद के खेमे से भी फैसल रहमान के वोटिंग को लेकर संशय बना हुआ है। अब तक के आंकड़ों के मुताबिक:

  • NDA: 176 विधायकों ने मतदान कर दिया है।

  • महाठबंधन: केवल 37 विधायकों ने अब तक वोट डाले हैं।

    कांग्रेस और राजद नेतृत्व अपने विधायकों से संपर्क करने की कोशिशों में जुटा है, लेकिन संपर्क न हो पाने की खबरों ने विपक्ष में सेंधमारी के डर को सच साबित कर दिया है।

हरियाणा: बस में भरकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेसी विधायक

हरियाणा में चुनावी सरगर्मी तेज है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सुबह पहला वोट डालकर मतदान की शुरुआत की। सुबह 11:20 बजे तक कुल 25 वोट डाले जा चुके थे। कांग्रेस ने अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए ‘हिमाचल’ का सहारा लिया था। सभी कांग्रेसी विधायक कसौली से रवाना होकर पहले चंडीगढ़ में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर एकत्रित हुए और फिर वहां से एक साथ बस में सवार होकर विधानसभा पहुंचे। यहां भी हर एक वोट के लिए कड़ी घेराबंदी की गई है।

एनडीए को 8 सीटों के फायदे का अनुमान

राजनीतिक विश्लेषकों और अब तक के निर्विरोध निर्वाचन को देखें तो राज्यसभा में भारतीय जनता पार्टी नीत एनडीए (NDA) की ताकत बढ़ती नजर आ रही है।

  • निर्विरोध सीटें: 26 में से एनडीए और विपक्ष के पास 13-13 सीटें आई हैं। गौर करने वाली बात यह है कि इन 26 सीटों में से पहले एनडीए के पास केवल 8 थीं, जो अब 13 हो गई हैं (5 सीटों का फायदा)।

  • 11 सीटों का समीकरण: हरियाणा, बिहार और ओडिशा की 11 सीटों पर भी एनडीए को 3 अतिरिक्त सीटों का फायदा मिलने के आसार हैं।

    अगर यह समीकरण सही बैठता है, तो एनडीए को राज्यसभा में कुल 8 सीटों का सीधा लाभ मिल सकता है, जिससे उच्च सदन में सरकार की पकड़ और मजबूत होगी।

7 राज्यों की 26 सीटों पर तस्वीर साफ

जिन 37 सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई थी, उनमें से उत्तर प्रदेश, गुजरात और राजस्थान जैसे 7 राज्यों की 26 सीटों पर तस्वीर पहले ही साफ हो चुकी है। वहां कोई अतिरिक्त उम्मीदवार न होने के कारण निर्वाचन निर्विरोध संपन्न हो गया। अब सबकी निगाहें बिहार और हरियाणा की क्रॉस वोटिंग और शाम को आने वाले अंतिम परिणामों पर टिकी हैं।

Check Also

IPL 2026 Eliminator SRH vs RR: वैभव सूर्यवंशी के तूफान में उड़ी सनराइजर्स हैदराबाद, राजस्थान रॉयल्स ने 47 रनों से रौंदकर क्वालिफायर-2 में मारी एंट्री

न्यू चंडीगढ़: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के नॉकआउट स्टेज का रोमांच अपने चरम पर …