Saturday , 28 November 2026

27 दिन बाद लौटे शव ने खोली दर्दनाक सच्चाई : सऊदी अरब में लखनऊ की इंजीनियर युवती की मौत, शरीर पर बेल्ट के निशान देखकर…

लखनऊः चिनहट इलाके की रहने वाली महिला की सऊदी अरब के जेद्दा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका ऐमन पेशे से इंजीनियर थीं और 10 महीने पहले शादी हुई थी. मौत के 27 दिन बाद मंगलवार को जेबा का शव लखनऊ पहुंचा तो शरीर पर चोट के निशान देखकर परिजनों के होश उड़ गए. पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है.

​प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ प्रताड़ना का दौरः फायर विभाग के सब-इंस्पेक्टर शेर अली ​ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी ऐमन की शादी 10 अप्रैल 2025 को रायबरेली निवासी आमिर से की थी. दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और परिवारों की सहमति से निकाह हुआ था. शादी के बाद आमिर ऐमन को अपने साथ सऊदी अरब ले गया था. आरोप है कि आमिर वहां ऐमन के साथ अक्सर मारपीट करता था, जिसकी जानकारी बेटी ने परिवार को दी थी.

शरीर पर चोट के निशानः शेर अली ​ने बताया कि दिसंबर माह में ऐमन की जेद्दा में मौत हो गई थी. कानूनी प्रक्रिया के कारण शव को भारत लाने में 27 दिन लग गए. मंगलवार को जब ऐमन का पार्थिव शरीर लखनऊ स्थित घर पहुंचा तो अंतिम दीदार के दौरान परिवार ने देखा कि ऐमन की पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के गहरे निशान थे. शेर अली के मुताबिक, पीठ पर बेल्ट से पीटे जाने के साफ निशान नजर आ रहे थे, जो आमिर की बेरहमी की गवाही दे रहे हैं.

पति के खिलाफ केस दर्जः इंस्पेक्टर चिनहट ​दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि ​मामले की गंभीरता को देखते हुए चिनहट पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. मृतका के पिता की शिकायत पर पति आमिर के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Check Also

Delimitation Bill: परिसीमन विधेयक पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला, बोले- यह भाजपा की सबसे बड़ी भूल साबित होगा; सदन से गैरहाजिर रहने की अटकलों पर लगाया विराम

लखनऊ। केंद्र सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के विशेष सत्र और संभावित परिसीमन विधेयक को …