Sunday , 31 May 2026

 16 वर्षीय किशोरी ने फंदे से लटककर दी जान, बंद कमरे से मिला ‘रहस्यमयी’ मोबाइल; छानबीन में जुटी फॉरेंसिक टीम

WhatsApp Image 2026 02 12 at 10.15.36

जालौन (रामपुरा): उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र स्थित मानपुरा गांव में एक नाबालिग किशोरी की आत्महत्या की खबर से सनसनी फैल गई है। 16 वर्षीय छात्रा ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम को एक ऐसा सुराग मिला है, जिसने इस आत्महत्या के मामले को उलझा दिया है। मृतका के पास से एक अज्ञात एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसके बारे में परिजनों को कोई जानकारी नहीं है।

मटर तोड़कर लौटी थी किशोरी, सामान्य था व्यवहार

जानकारी के अनुसार, मानपुरा निवासी नरेश कुमार कठेरिया की 16 वर्षीय पुत्री राधा बुधवार को अपनी मां और परिवार की अन्य महिलाओं के साथ खेत पर मटर तोड़ने गई थी। शाम करीब 7 बजे घर लौटने के बाद उसने रोज की तरह सामान्य व्यवहार करते हुए खाना बनाया। पूरे परिवार ने साथ बैठकर भोजन किया, जिससे किसी को भी इस बात का अंदेशा नहीं था कि राधा इतना खौफनाक कदम उठाने वाली है।

पिता से बात कर रही थी मां, तभी कमरे में कैद हुई राधा

भोजन के बाद राधा के पिता नरेश कुमार (जो कोंच में प्लंबरिंग का काम करते हैं) का फोन आया, जिस पर उसकी मां बात करने लगीं। इसी बीच राधा चुपचाप अपने कमरे में गई और कुंडी लगा ली। काफी देर तक जब दरवाजा नहीं खुला और कोई आवाज नहीं आई, तो मां ने शोर मचाया। पड़ोसियों और पिता के पहुंचने पर जब दरवाजा तोड़ा गया, तो राधा का शव फंदे से लटका मिला। घटना के वक्त बड़ा भाई गुजरात में मजदूरी पर था, जबकि छोटा भाई घर पर ही मौजूद था।

अज्ञात एंड्रॉयड फोन ने खड़ा किया बड़ा सवाल

घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (CO) माधौगढ़ अंबुज यादव और रामपुरा थाना प्रभारी रजत कुमार सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान राधा के पास से एक नया एंड्रॉयड स्मार्टफोन बरामद हुआ। जब पुलिस ने परिजनों से इस बारे में पूछा, तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया कि यह फोन उनका है या उन्होंने राधा को दिलाया है। घर में गरीबी और साधारण जीवन के बीच यह महंगा फोन कहां से आया, पुलिस अब इसी गुत्थी को सुलझाने में जुटी है।

पुलिस का बयान: कॉल डिटेल्स और फॉरेंसिक जांच पर टिकी उम्मीद

सीओ अंबुज यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और बरामद मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर साइबर सेल की मदद ली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि राधा आखिरी बार किससे बात कर रही थी और यह फोन उसे किसने दिया था। प्राथमिक तौर पर मामला प्रेम प्रसंग या ब्लैकमेलिंग से जुड़ा हो सकता है, लेकिन पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स आने के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचने की बात कह रही है।  हैं?

Check Also

मौसम का मिजाज: देश के 15 राज्यों में प्री-मानसून आंधी-बारिश का अलर्ट; यूपी-बिहार में आसमानी आफत से 48 लोगों की मौत, इनोवा समेत 10 गाड़ियां बहीं

देश के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी और उमस के बीच मौसम ने अचानक करवट …