Wednesday , 7 October 2026

हवा में हाईजैक की साजिश, कॉकपिट में कुल्हाड़ी से वार: भारतीय कैप्टन स्मित मछार ने 34,000 फीट पर दिखाई जांबाजी, बेनकाब हुआ सिरफिरा को-पायलट…खुला बड़ा राज

दुबई/नई दिल्ली: आसमान में 34 हजार फीट की ऊंचाई पर मौत का खौफनाक मंजर सामने था, लेकिन भारतीय कैप्टन ने अंतिम सांस तक हार नहीं मानी। तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान में भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मछार पर प्राणघातक हमला करने वाले को-पायलट का असली चेहरा अब पूरी दुनिया के सामने आ गया है। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि ओमान का रहने वाला हमाम अल-हम्मामी है। उस पर न केवल कैप्टन को जान से मारने बल्कि विमान को हाईजैक करने की नाकाम कोशिश का भी गंभीर आरोप लगा है।

चरमपंथी वेबसाइट्स देखता था को-पायलट, ओमान एयर ने किया था बर्खास्त मीडिया रिपोर्ट्स से छनकर आ रही जानकारियां बेहद चौंकाने वाली हैं। हमाम अल-हम्मामी लंबे समय से कट्टरपंथी और चरमपंथी वेबसाइट्स के संपर्क में था। उसकी इन संदिग्ध गतिविधियों और कट्टरपंथी सोच के चलते ही ओमान एयर ने वर्ष 2024-25 के दौरान उसे नौकरी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। सीरियाई मूल की मां के इस बेटे ने अपनी जिंदगी का ज्यादातर वक्त ओमान से बाहर गुजारा था। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने भी उसे सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा माना था और ओमान में उसके उड़ान भरने पर पाबंदी लगा दी गई थी। सबसे बड़ा सवालिया निशान विमानन कंपनी फ्लाईदुबई पर खड़ा हो रहा है, जिसने बिना पुख्ता बैकग्राउंड वेरिफिकेशन के इतने खतरनाक शख्स को कॉकपिट में बैठा दिया।

34,000 फीट की ऊंचाई पर खूनी खेल और सूझबूझ से बचीं सैकड़ों जानें यह दिल दहला देने वाली वारदात उस वक्त घटी जब विमान सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में करीब 33,000 से 34,000 फीट की ऊंचाई पर सफर कर रहा था। उड़ान भरे लगभग दो घंटे बीत चुके थे कि अचानक सह-पायलट हमाम अल-हम्मामी ने कुल्हाड़ी निकालकर कैप्टन स्मित मछार के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। कैप्टन खून से लथपथ हो गए, विमान का संतुलन बिगड़ने लगा और वह तेजी से नीचे की ओर गोता लगाने लगा। असहनीय दर्द और गंभीर चोटों के बावजूद कैप्टन स्मित ने अदम्य साहस दिखाते हुए कॉकपिट का इमरजेंसी गेट खोल दिया। दरवाजा खुलते ही केबिन क्रू और बहादुर यात्री भीतर दाखिल हुए और उन्होंने हमलावर को-पायलट को दबोच लिया। इसके तुरंत बाद विमान को उत्तर-पश्चिमी सऊदी अरब के तबुक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित आपात लैंडिंग कराई गई। सभी यात्री सुरक्षित बच गए, जिन्हें बाद में दूसरी फ्लाइट से उनके गंतव्य भेजा गया, जबकि हमलावर को हिरासत में लेकर यूएई के हवाले कर दिया गया।

पीएम मोदी ने जाना हाल, कैप्टन मछार की बहादुरी पर दुनिया नतमस्तक मौत के मुंह से सैकड़ों मुसाफिरों को खींच लाने वाले कैप्टन स्मित मछार के इस अदम्य साहस की गूंज अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुनाई दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद कैप्टन मछार के परिजनों से बातचीत कर उनका ढांढस बंधाया और वीडियो कॉल के जरिए कैप्टन का हाल-चाल जाना। बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित भावुक हो गए और उन्होंने उस खौफनाक मंजर की आपबीती साझा की।

नेतन्याहू बोले- अविश्वसनीय साहस, ट्रंप ने कहा ‘असली हीरो’ इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारतीय पायलट के जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि उनका शरीर खून से लथपथ था और विमान बेकाबू हो चुका था, फिर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और दरवाजा खोलकर सैकड़ों जिंदगियां बचा लीं। वहीं, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कैप्टन मछार के अदम्य साहस की सराहना करते हुए उन्हें असली वैश्विक नायक करार दिया है।

 

Check Also

राज्यसभा चुनाव: अखिलेश यादव ने खींचे कदम, नहीं उतारेंगे तीसरा उम्मीदवार; बोले- ‘निगाह 3 पर नहीं 403 पर’, सभी 10 सीटों पर…

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों को लेकर चल रही सियासी उठापटक और जोड़-तोड़ …