Saturday , 2 May 2026

सड़क पर पाइप डालने को लेकर विवाद, लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला, पिता-पुत्री घायल

किरतपुर, बिजनौर । निकटवर्ती गांव राजा रामपुर उर्फ आलोपुर, मौजमपुर चौकी क्षेत्र की रहने वाली वैशाली पुत्री उधम सिंह ने थाने में तहरीर देकर गांव के ही निवासी कार्मेंद्र पुत्र छत्रपाल व उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

तहरीर के अनुसार उसके पिता उधम सिंह का गांव के ही कार्मेंद्र के साथ सड़क पर पानी निकालने के पाइप डालने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान कार्मेंद्र ने गाली-गलौज करते हुए उधम सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित द्वारा समझाने का प्रयास करने के बावजूद आरोपी गाली-गलौज पर आमादा रहा।

आरोप है कि इसके बाद कार्मेंद्र व उसके परिवार के कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से उधम सिंह पर हमला कर दिया। इसी दौरान एक हमलावर ने धारदार हथियार से भी वार किया, जिससे उधम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। पिता को बचाने आई वैशाली पर भी हमलावरों ने हमला कर दिया।

घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर गांव के काफी लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

इस संबंध में मौजमपुर चौकी इंचार्ज रविंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और शीघ्र ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं घायल उधम सिंह व उनकी पुत्री वैशाली का कहना है कि वे पूरी तरह पीड़ित हैं और उनके ऊपर धारदार हथियार से हमला किया गया है। इसके बावजूद पुलिस द्वारा क्रॉस केस दर्ज किया गया है। पीड़ितों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत करेंगे।

Check Also

आगरा धर्मांतरण कांड: UP STF और पुलिस का बड़ा एक्शन, दिल्ली से दबोचे गए 4 ‘मास्टरमाइंड’; ऐसे जाल में फंसाती थी सगी बहनों की जोड़ी

आगरा। देश के सबसे चर्चित ‘सगी बहनों के धर्मांतरण मामले’ में आगरा पुलिस और यूपी …