Monday , 21 September 2026

यूपी होमगार्ड भर्ती में दो अभ्यर्थियों की मौत से हड़कंप: लखनऊ में गले में बोतल फंसने और चोटों के बाद हत्या का केस दर्ज, मुरादाबाद में फिनिश लाइन से 50 मीटर पहले इंजीनियर ने तोड़ा दम

 लखनऊ/मुरादाबाद उत्तर प्रदेश में चल रही होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के शारीरिक दक्षता परीक्षण (दौड़) के दौरान दो अलग-अलग जिलों में अभ्यर्थियों की असामयिक मौत ने गहरा विवाद और सनसनी पैदा कर दी है। लखनऊ के महानगर स्थित 35वीं वाहिनी पीएसी ग्राउंड में दौड़ के दौरान सीतापुर निवासी अभ्यर्थी की मौत मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिजनों ने हत्या का संगीन आरोप लगाया है। रिपोर्ट में गले में पानी की बोतल फंसने से दम घुटने और शरीर पर चोटों की पुष्टि के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं, मुरादाबाद में भर्ती परीक्षा देने आए एक बीटेक कंप्यूटर साइंस इंजीनियर की दौड़ पूरी करने से महज 50 मीटर पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई।

लखनऊ: पोस्टमार्टम में मिले 12 चोट के निशान, गले में फंसी मिली 250 एमएल की बोतल सीतापुर जनपद के रामकोट स्थित मढ़िया रहीमपुर निवासी अभ्यर्थी योगेंद्र सिंह मंगलवार को 35वीं वाहिनी पीएसी ग्राउंड में होमगार्ड भर्ती की दौड़ में शामिल हुए थे, जहां उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआत में इसे शारीरिक थकावट के कारण हुई मौत माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, योगेंद्र की मौत दौड़ से नहीं, बल्कि गले की श्वासनली में 250 मिलीलीटर की पानी की प्लास्टिक की बोतल फंसने और उससे दम घुटने (Asphyxia) के कारण हुई। इसके अतिरिक्त उनके शरीर पर 12 गंभीर चोटों के निशान भी पाए गए हैं।

भाई का सनसनीखेज आरोप: मारपीट के बाद मुंह में जबरन ठूंसी गई बोतल मृतक के भाई कमल किशोर ने शनिवार को लखनऊ के महानगर कोतवाली में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। कमल का आरोप है कि ग्राउंड पर योगेंद्र के साथ किसी बात को लेकर मारपीट या जबरदस्ती की गई थी और साजिशन उनके मुंह में 250 मिलीलीटर की प्लास्टिक की बोतल ठूंस दी गई, जिससे उनका दम घुट गया। परिजनों ने पीएसी परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगालने, उस समय मौजूद साथी अभ्यर्थियों और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ से कड़ी पूछताछ कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पांच सदस्यीय पुलिस टीम गठित, एसीपी बोले- हर पहलू की गहन जांच मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष जांच दल का गठन किया है। एसीपी महानगर अंकित कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे घटनाक्रम की सत्यता की पड़ताल के लिए पांच सदस्यीय जांच टीम बनाई गई है, जो पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चोटों की प्रकृति और ग्राउंड के तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है।

मुरादाबाद: 11 चक्कर पूरे कर चुके बीटेक पास शिवम की फिनिश लाइन से पहले थमीं सांसें दूसरी ओर, मुरादाबाद के सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित नौंवी वाहिनी पीएसी ग्राउंड में शुक्रवार सुबह एक और दुखद हादसा हुआ। बरेली बार एसोसिएशन के पूर्व कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता विनोद यादव के दूसरे बेटे शिवम यादव (27), जिन्होंने कंप्यूटर साइंस से बीटेक किया था, होमगार्ड भर्ती की दौड़ में शामिल हुए थे। निर्धारित 4800 मीटर की दौड़ को 28 मिनट में पूरा करने के लिए शिवम 11 चक्कर सफलतापूर्वक पूरे कर चुके थे। सुबह करीब 8.16 बजे 12वें और अंतिम राउंड में जब वह फिनिश लाइन से महज 50 मीटर दूर थे और समय समाप्त होने में 50 सेकंड बचे थे, तभी वह अचानक ट्रैक पर बेसुध होकर गिर पड़े।

हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि, परिवार में कोहराम मौके पर मौजूद चिकित्सा दल और सुरक्षाकर्मी आनन-फानन में शिवम को नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल अंतिल के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का मुख्य कारण दिल का दौरा (हार्ट अटैक) होना सामने आया है। बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद सरकारी सेवा की उम्मीद में दौड़ रहे होनहार युवक की इस तरह अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

 

Check Also

ट्रंप-शी जिनपिंग शिखर वार्ता से पहले बड़ा कदम: अमेरिका और चीन के बीच AI सुरक्षा हॉटलाइन और नई ट्रेड काउंसिल पर बनी सहमति

 न्यूयॉर्क।   व्हाइट हाउस में इस सप्ताह होने वाली अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति …