Thursday , 1 October 2026

यूपी के युवाओं के लिए खुशखबरी: योगी सरकार में 520 पदों पर निकली सरकारी भर्ती, UPSSSC ने जारी किए दो नए विज्ञापन; जानें आवेदन की पूरी डिटेल

उत्तर प्रदेश के युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ने और विभिन्न विभागों में रिक्तियों को भरने की दिशा में योगी सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने खेल निदेशालय और युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत कुल 520 पदों पर चयन के लिए दो अलग-अलग भर्तियों के आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिए हैं। इन पदों पर अभ्यर्थियों का चयन प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2025 (PET-2025) के स्कोरकार्ड के आधार पर मुख्य परीक्षा के जरिए किया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह एक सुनहरा मौका बनकर आया है।

खेल निदेशालय में 108 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी आयोग की ओर से जारी विज्ञापन संख्या 22-परीक्षा/2026 के अंतर्गत खेल निदेशालय में विभिन्न श्रेणियों के कुल 108 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। 30 सितंबर 2026 को जारी इस अधिसूचना के तहत ऑनलाइन आवेदन और पंजीकरण प्रक्रिया 14 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होगी। अभ्यर्थी 4 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन, शुल्क भुगतान और फॉर्म सबमिट कर सकेंगे। इसके अलावा शुल्क समायोजन और आवेदन पत्र में संशोधन करने की अंतिम तिथि 11 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।

युवा कल्याण अधिकारी और व्यायाम प्रशिक्षक के 412 पदों पर मौका दूसरे विज्ञापन (संख्या 23-परीक्षा/2026) के तहत क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी तथा व्यायाम प्रशिक्षक के कुल 412 पदों पर भर्ती निकाली गई है। इसमें क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी के 368 पद और व्यायाम प्रशिक्षक के 44 पद शामिल हैं। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 16 अक्टूबर 2026 से शुरू होंगे। ऑनलाइन पंजीकरण एवं शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 6 नवंबर 2026 रखी गई है, जबकि फॉर्म में किसी भी तरह के संशोधन और शुल्क समायोजन के लिए 13 नवंबर 2026 तक का समय दिया गया है।

PET-2025 स्कोर के आधार पर होगी मुख्य परीक्षा की शॉर्टलिस्टिंग इन दोनों भर्तियों में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों का पीईटी-2025 (PET-2025) में शामिल होना और वैध स्कोरकार्ड धारक होना अनिवार्य है। संबंधित पदों की न्यूनतम शैक्षणिक व अन्य योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को पीईटी-2025 के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर मेरिट के अनुसार मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों का पीईटी-2025 में वास्तविक या नॉर्मलाइज्ड स्कोर शून्य अथवा नकारात्मक (माइनस) होगा, उन्हें मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट नहीं किया जाएगा।

UI और प्रोविजनल श्रेणी के अभ्यर्थियों को भी औपबंधिक अवसर आयोग ने उन अभ्यर्थियों को भी राहत दी है जिनके पीईटी-2025 रिजल्ट में स्टेटस ‘अंडर इन्वेस्टिगेशन’ (UI) या ‘प्रोविजनल’ दर्ज है। ऐसे अभ्यर्थी भी इन भर्तियों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, मुख्य परीक्षा के लिए उनकी शॉर्टलिस्टिंग और चयन की अंतिम प्रक्रिया आयोग की जांच रिपोर्ट और निर्णय पर ही निर्भर करेगी।

तय समयसीमा में पूरा करें आवेदन और शुल्क समायोजन UPSSSC ने स्पष्ट हिदायत दी है कि अंतिम तिथि बीतने के बाद किसी भी परिस्थिति में आवेदन अथवा शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे बैंक से शुल्क समायोजन (Fee Reconciliation) की प्रक्रिया समय रहते पूरी कर लें, क्योंकि इसके बिना भरे हुए आवेदन पत्र का अंतिम प्रिंटआउट नहीं निकल सकेगा। त्रुटि सुधार के लिए दी गई समयसीमा के बाद किसी भी संशोधन पर विचार नहीं किया जाएगा।

 

Check Also

इटावा में दर्दनाक हादसा: मैनपुरी ट्रैक पर मालगाड़ी की चपेट में आए इंजीनियरिंग के दो छात्र, छात्र की मौके पर मौत; छात्रा सैफई रेफर

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसे में मैकेनिकल इंजीनियरिंग …