
बरेली । नगर निगम ने सम्पत्ति कर बकाया को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए एक लाख से अधिक बकायेदारों को कुर्की नोटिस जारी कर अंतिम चेतावनी दी है। कर जमा न करने पर भवन सील किए जाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बुधवार को नगर निगम की ओर से “समाधान कैम्प अभियान” के तहत दो वार्डों में शिविर लगाए गए, जहां करदाताओं की शिकायतों का निस्तारण कर लाखों रुपये की वसूली की गई।
जोन-02 अंतर्गत वार्ड-25 के प्रयागो इंटर कॉलेज में आयोजित शिविर में 25 करदाताओं की बिल संबंधी त्रुटियों का समाधान किया गया। इसमें 17 करदाताओं से कुल 2,99,669 रुपये की संपत्ति कर वसूली हुई। वहीं जोन-03 के वार्ड-10 बड़ी बिहार में लगे शिविर में आठ करदाताओं की समस्याएं दूर की गईं और 18 करदाताओं से 2,20,650 रुपये की कर राशि निगम को प्राप्त हुई।
इसी दिन बकायेदारों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई भी तेज रही। जोन-03 के वार्ड-11 कटरा चांद खां में 16.47 लाख रुपये बकाया न जमा करने पर अरविंद कुमार की पांच दुकानों को सील किया गया। होटल रॉयल चेयर्स पर 5.50 लाख रुपये बकाया होने पर दबाव के बाद भवन स्वामी ने 50 हजार रुपये जमा कराए।
जोन-02 में जुल्फिकारगंज निवासी सोहित गुप्ता पर 13.60 लाख और आलमगिरिगंज निवासी रामचंद्र पर 3.69 लाख रुपये बकाया होने पर सीलिंग की गई। गंगापुर शहदाना में कृपा शंकर की संपत्ति सील होने के बाद 50 हजार रुपये जमा कराने पर सील खोली गई।
जोन-04 में शहदाना कॉलोनी निवासी राजेंद्र प्रसाद महेश्वरी पर 60.36 लाख रुपये बकाया न देने पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पी.के. द्विवेदी ने करदाताओं से अपील की है कि समाधान शिविरों का लाभ उठाकर समय पर कर जमा करें, ताकि ब्याज-दंड से बचते हुए नगर विकास कार्यों को गति दी जा सके।
voice of india