Monday , 24 August 2026

मौसम का महा-अलर्ट: 17 राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, यूपी, बिहार, एमपी और ओडिशा में भारी  बारिश का अलर्ट

देशभर में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24 अगस्त के लिए कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र (Low Pressure Area), सक्रिय मॉनसून ट्रफ और ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवातों के मेल से देश के 17 राज्यों में मौसम बेहद अस्थिर बना हुआ है। कई इलाकों में तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश का अनुमान जताया गया है।

दिल्ली-NCR में बादलों का डेरा, हल्की से मध्यम बारिश के आसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के एनसीआर इलाकों में मौसम नरम बना हुआ है। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री कम 33.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 24 अगस्त को दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर तक कुछ इलाकों में मध्यम बौछारें और शाम के वक्त हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

उत्तराखंड और हिमाचल में फ्लैश फ्लड की चेतावनी पहाड़ी राज्यों में मौसम विभाग ने कम स्तर की अचानक बाढ़ (Flash Flood) को लेकर अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश से मिट्टी में नमी बढ़ चुकी है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और भूस्खलन का जोखिम बढ़ गया है। उत्तराखंड के चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी आकाशीय बिजली गिरने और तेज बौछारें पड़ने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश के दौर जारी रहने का अनुमान है।

यूपी, बिहार, एमपी और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने 24 और 25 अगस्त को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है, जबकि कई अन्य जिले येलो अलर्ट पर हैं। इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों, महाराष्ट्र, विदर्भ, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना में भी व्यापक बारिश के आसार हैं।

पंजाब, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर का हाल पंजाब में मौसम आंशिक रूप से साफ और गर्म रह सकता है, जहां पारा 38 डिग्री तक जा सकता है, हालांकि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। राजस्थान में पूर्वी हिस्से में बिजली चमकने और हल्की बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी राजस्थान के लिए कोई बड़ी चेतावनी नहीं है। जम्मू-कश्मीर में दोपहर के समय आंशिक धूप के बीच हल्की बारिश हो सकती है।

पूर्वोत्तर भारत में पूरे हफ्ते बारिश, बाढ़ का खतरा पूर्वोत्तर के राज्यों में पूरे सप्ताह मॉनसून पूरी ताकत से सक्रिय रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 25 से 29 अगस्त के बीच व्यापक बारिश होगी। विशेषकर 28 और 29 अगस्त को पूर्वोत्तर के कई राज्यों में अत्यंत भारी बारिश का अनुमान है। असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा के साथ-साथ ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ जिलों में अचानक बाढ़ (Flash Flood) को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

 

Check Also

सीतापुर में ‘पति, पत्नी और वो’ का अजब प्रेम प्रसंग: एक ही छत के नीचे प्रेमी संग रहने पर अड़े दंपती, घर छोड़ने को तैयार; थाने तक पहुंचा हाई वोल्टेज ड्रामा

सीतापुर : ‘मियां-बीवी राजी तो क्या करेगा काजी’… यह पुरानी कहावत उत्तर प्रदेश के सीतापुर …