
प्रयागराज: संगम नगरी प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों के जलस्तर में एक बार फिर भारी उछाल दर्ज किया गया है। लगातार हो रही बारिश और ऊपरी इलाकों से पानी छोड़े जाने के कारण दोनों नदियां तेजी से चढ़ रही हैं। जिला प्रशासन द्वारा शनिवार सुबह जारी बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटे के भीतर यमुना (नैनी) और गंगा (छतनाग) में करीब एक मीटर तक की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल सभी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं।
नैनी में यमुना का जलस्तर 103 सेमी बढ़ा, भारी बारिश दर्ज जिला प्रशासन के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, यमुना नदी का जलस्तर नैनी क्षेत्र में 80.68 मीटर तक पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में यहां जलस्तर में 103 सेंटीमीटर की तेज बढ़ोतरी देखी गई। इसके साथ ही नैनी इलाके में 60 मिलीमीटर की भारी वर्षा भी रिकॉर्ड की गई है।
गंगा के फाफामऊ और छतनाग में तेजी से बढ़ रहा पानी गंगा नदी के जलस्तर में भी लगातार इजाफा हो रहा है। फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 80.69 मीटर दर्ज किया गया, जहां 24 घंटे में 20 सेंटीमीटर की वृद्धि और 16.8 मिमी बारिश हुई। वहीं, छतनाग में गंगा का जलस्तर 80.16 मीटर पहुंच गया है, जिसमें बीते 24 घंटे में 98 सेंटीमीटर का उछाल आया है। इस दौरान छतनाग क्षेत्र में 20.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
बक्सी बांध पर 96 सेमी की बढ़ोतरी, प्रशासन हाई अलर्ट पर एसटीपी बक्सी बांध क्षेत्र में गंगा का जलस्तर 80.86 मीटर पर पहुंच चुका है, जहां पिछले 24 घंटे में 96 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। नदियों के बढ़ते वेग को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। संबंधित विभागों, बाढ़ चौकियों और आपदा राहत टीमों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि तटबंधों की निरंतर निगरानी की जा रही है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
voice of india