Friday , 27 November 2026

पुलिस मुठभेड़ : अरविन्द हत्याकांड का नामजद आरोपित घायल, दो अन्य गिरफ्तार

-मुख्य हत्यारोपित अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर

झांसी । उत्तर प्रदेश के झांसी में देर रात पुलिस की एक बार फिर बदमाशों से मुठभेड़ हुई है। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में अरविन्द हत्याकांड का नामजद हत्यारोपित संजय गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार किया है। जिसमें से एक हत्यारोपित का ससुर बताया जा रहा है।

सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के लकारा गांव के समीप देर रात करीब ढाई बजे पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में भोजला गांव निवासी अरविन्द यादव हत्याकांड का नामजद आरोपी संजय पुत्र मुन्ना गोली लगने से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं उसके दो साथी भान सिंह और कमल सिंह को पुलिस ने मौके से दबोच लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और खोखा भी बरामद किया है।

गौरतलब है कि 8 सितंबर को पुरानी रंजिश के चलते भोजला गांव के रहने वाले अरविन्द यादव की हत्या दिनदहाड़े चौराहे पर आरोपित रिंकू यादव और उसके साथियों ने कर दी थी। इस मामले में पुलिस पहले ही 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि मुख्य आरोपित रिंकू अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है।

इस संबंध में नवागत एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि अरविन्द हत्याकांड के आरोपित कहीं भागने की फिराक में है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रुकने को कहा। इस पर आरोपिताें ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में संजय घायल हुआ है। जबकि दो अन्य ने आत्मसमर्पण कर दिया। एसपी सिटी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को वरिष्‍ठ अधिकारियों ने बड़ी सफलता बताया है। फिलहाल गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Check Also

Delimitation Bill: परिसीमन विधेयक पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला, बोले- यह भाजपा की सबसे बड़ी भूल साबित होगा; सदन से गैरहाजिर रहने की अटकलों पर लगाया विराम

लखनऊ। केंद्र सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के विशेष सत्र और संभावित परिसीमन विधेयक को …