![]()
बस्ती : शेयर मार्केट में निवेश और जमीन बेचने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दंपत्ति को मड़वानगर स्थित उनके आवास से पकड़ा. दंपत्ति अपने बेटे के साथ मिलकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे. गिरोह का सरगना फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
पति-पत्नी शहर छोड़ने की फिराक में थे. गिरोह का सरगना गौरव प्रजापति है. उसके पिता रामाश्रय प्रजापति और मां किरन प्रजापति को पुलिस ने पकड़ा है. जबकि सरगना अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कार में सवार होकर भाग गया. कार उसके भाई सौरभ प्रजापति के नाम रजिस्टर्ड है. पुलिस ने मामले में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं.
गिरोह चला रहा था परिवार : शहर में मड़वानगर में रहने वाले दंपत्ति रामाश्रय और किरन अपने बेटे गौरव के साथ मिलकर शेयर-मार्केट में निवेश, जमीन की खरीद बिक्री आदि का झांसा देकर लोगों को अपना शिकार बनाते थे. पूरा परिवार संगठित गिरोह चलाता था. गैंग का मास्टरमाइंड गौरव प्रजापति है. वह निवेशकों को हर महीने 10% मासिक मुनाफे का झांसा देता था.
भरोसा जीतने के लिए दिखाते थे जाली दस्तावेज : ठग ‘इनफिस्ट इन्वेस्टमेंट एंड ब्रोकिंग प्राइवेट लिमिटेड’ नाम की एक फर्जी कंपनी चला रहे थे. लोगों का भरोसा जीतने के लिए वे इसके जाली दस्तावेज दिखाते थे. नोटरीकृत एग्रीमेंट और फर्जी ब्रोकरेज लाइसेंस भी दिखाते थे. इससे लोग उनके जाल में फंस जाते थे.
#BastiPolice गैंग बना कर ज़मीन खरीद/बिक्री में फर्जी लाभ, शेयर मार्केट में पैसे पर मुनाफे का लालच, व्यवसाय/कंपनी में निवेश धन पर लाभ में हिस्सा देने पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने से संबंधित पति-पत्नी को गिरफ्तार करने के सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक बस्ती द्वारा दी गयी बाइट- pic.twitter.com/UNdauodKur
— BASTI POLICE (@bastipolice) August 27, 2025
दो पीड़ितों के नाम आए सामने : पुलिस ने दो प्रमुख पीड़ितों का खुलासा किया है. इनमें से एक अमरजीत सिंह से फर्जी निवेश के नाम पर 35.60 लाख रुपये की ठगी हुई जबकि दूसरे पीड़ित बबलू चौधरी से जमीन बेचने के नाम पर 16.50 लाख रुपये ठगे गए. पुलिस का मानना है कि पीड़ितों की संख्या और ठगी की कुल रकम इससे कहीं ज्यादा है. पुलिस जांच कर रही है.
एसआईटी का गठन, संपत्ति की भी होगी जांच : एसपी अभिनंदन ने बताया कि सरगना की तलाश की जा रही है. जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा. गैंग कुछ समय से सक्रिय था. कंपनी बनाकर इनवेस्ट के नाम पर लोगों से रुपये लिए जा रहे थे. धन दोगुना करने का लालच देते थे. इन्होंने लोगों से काफी रकम लिए.
एसपी ने बताया कि मामले में और भी प्रार्थना पत्र आए हैं. उनकी जांच की जा रही है. पकड़े गए दंपत्ति के अकाउंट से लेन-देन हुए हैं. इनकी संपत्ति की जांच की जाएगी. इसके लिए एसआईटी का गठन किया गया है.
voice of india