
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के शाहदरा जिला अंतर्गत कृष्णा नगर इलाके में शनिवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। यहां सर्वोदय कन्या विद्यालय परिसर में 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय स्कूल में तमाम स्टाफ मौजूद था और निरीक्षण (इंस्पेक्शन) की वजह से पूरा अमला सतर्क था। इसके बावजूद इतनी बड़ी घटना घट जाने से स्कूल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सातवें पीरियड में पानी पीने निकली थी छात्रा, गार्ड रूम के पीछे उठाया खौफनाक कदम
प्रत्यक्षदर्शियों और स्कूल सूत्रों के अनुसार, शनिवार को स्कूल में सातवां पीरियड चल रहा था। छात्रा ने संबंधित शिक्षिका से पानी पीने जाने की अनुमति ली और पानी की बोतल लेकर कक्षा से बाहर निकली। वह सीधे गार्ड रूम के पीछे बने पानी की टंकी वाले हिस्से में पहुंची। वहां उसने अपनी बोतल में छिपाकर लाया ज्वलनशील पदार्थ खुद पर छिड़ककर आग लगा ली। छात्रा की चीख-पुकार सुनकर जब तक शिक्षक व अन्य स्टाफ भागकर मौके पर पहुंचे, छात्रा बुरी तरह झुलसकर जमीन पर गिर चुकी थी और उसके शरीर में कोई हलचल नहीं बची थी।
स्कूल की छुट्टी कर भेजा घर, पुलिस ने कब्जे में लिया डीवीआर
घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस तथा शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों को सूचित किया गया। स्थिति को देखते हुए समय से पहले ही अन्य छात्राओं को उनके घर भेज दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल के लिए स्कूल के सभी सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर जब्त कर लिया है। घटना के वक्त गार्ड अपनी ड्यूटी पर कहां था और चीख सुनकर सबसे पहले कौन पहुंचा, इन बिंदुओं पर कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ की जा रही है।
परिजनों ने लगाया साजिश और लापरवाही का आरोप
शाहदरा के डीसीपी आरपी मीणा के मुताबिक, लगभग साढ़े 17 वर्षीय मृतका मूल रूप से झारखंड के कोडरमा की रहने वाली थी और परिवार के साथ घोंडली, कृष्णा नगर में किराए पर रहती थी। परिजनों का कहना है कि शनिवार सुबह करीब सात बजे उसकी बड़ी बहन उसे स्कूल छोड़कर आई थी। दोपहर तक जब वह नहीं लौटी तो परिजन पहुंचे, जहां उन्हें इस दर्दनाक हादसे की सूचना दी गई। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रा इतना आत्मघाती कदम नहीं उठा सकती, वह किसी बड़ी साजिश का शिकार हुई है।
बैग से मिला तीन पन्नों का सुसाइड नोट, प्रेम प्रसंग व प्रताड़ना के एंगल से जांच
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। तलाशी के दौरान छात्रा के स्कूल बैग से तीन पन्नों का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। हालांकि, संवेदनशील मामला होने के कारण पुलिस ने पत्र के मजमून का खुलासा करने से इनकार किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है—चाहे वह प्रेम प्रसंग का मामला हो या फिर किसी स्तर पर मानसिक प्रताड़ना की बात। संबंधित कक्षा के शिक्षकों, सहपाठियों और सहेलियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
शिक्षा मंत्री बोले- निष्पक्ष और गहन जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
घटना पर संज्ञान लेते हुए दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद और स्थानीय विधायक अनिल गोयल मौके पर पहुंचे। शिक्षा मंत्री ने घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए कहा कि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष और गहन जांच के आदेश दे दिए गए हैं। स्कूल प्रबंधन ने सभी जरूरी साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए हैं और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
voice of india