Thursday , 10 September 2026

दिल्ली में जर्जर इमारतों पर MCD का बड़ा बुलडोजर एक्शन: 17 भवन जमींदोज, 52 PG खस्ताहाल;  50 छात्रों ने खाली किया हॉस्टल

नई दिल्ली: सत्य निकेतन में दर्दनाक इमारत हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) एक्शन मोड में आ गया है। राजधानी में लोगों की जिंदगी के लिए खतरा बन चुके अवैध और जर्जर निर्माणों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया गया है। मंगलवार को निगम की टीमों ने अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 17 इमारतों को ध्वस्त कर दिया, जबकि पांच संपत्तियों को सील कर दिया। इसके अलावा 9 भवन मालिकों को कारण बताओ नोटिस, दो को सीलिंग नोटिस और 15 भवनों के ध्वस्तीकरण आदेश जारी किए गए हैं। पिछले दो दिनों के भीतर ही निगम ने 48 इमारतों को गिराने और 15 को सील करने की सख्त कार्रवाई की है।

सत्य निकेतन और सैदुलाजाब में जर्जर इमारतें सील, छात्राओं को सुरक्षित निकाला सत्य निकेतन हादसे के बाद आसपास के इलाके में सघन जांच अभियान चलाया गया। घटनास्थल के पास स्थित एक अत्यंत जर्जर इमारत को खतरनाक घोषित कर तुरंत सील कर दिया गया। इस भवन में रह रहीं छात्राओं का सामान निगम कर्मियों की निगरानी में सुरक्षित बाहर निकलवाया गया। इसी तरह सैदुलाजाब इलाके में भी नियमों का उल्लंघन कर बने अवैध और जर्जर निर्माणों के खिलाफ सीलिंग का चाबुक चला।

राजधानी के 12 जोनों में सर्वे, 52 पीजी बेहद खस्ताहाल हालत में मिले हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद नगर निगम दिल्ली के सभी 12 जोनों में विशेष सर्वे अभियान चला रहा है। स्कूलों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास स्थित छात्र आवासों पर विशेष नजर रखी जा रही है। सर्वे के दौरान दिल्ली के विभिन्न इलाकों में 52 पेइंग गेस्ट (PG) आवास बेहद दयनीय और असुरक्षित हालत में पाए गए हैं। इन पीजी संचालकों को तत्काल जरूरी मरम्मत कराने और सुरक्षा मानक पूरे करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

चिराग दिल्ली के पीजी में गहरी दरारें, 50 छात्रों में मची भगदड़ चिराग दिल्ली स्थित एक बहुमंजिला पीजी में अचानक गहरी दरारें आने के बाद अफरा-तफरी मच गई। हादसे की आशंका को देखते हुए इमारत में रह रहे करीब 50 छात्रों ने तुरंत कमरा खाली कर दिया। इनमें दिल्ली विश्वविद्यालय के शहीद भगत सिंह कॉलेज और कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज (CVS) के छात्र शामिल हैं। कॉलेज प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रभावित छात्रों के रहने की अस्थायी व्यवस्था शहीद भगत सिंह कॉलेज परिसर में की है।

नेहरू विहार: तीन साल से झुकी चार मंजिला इमारत का ध्वस्तीकरण शुरू तिमारपुर विधानसभा क्षेत्र के नेहरू विहार (बी-1 प्लॉट) में पिछले तीन साल से एक तरफ झुकी चार मंजिला इमारत को गिराने का काम आखिरकार मंगलवार को शुरू हो गया। सिविल लाइंस जोन ने 2023 में ही इसे गिराने के आदेश जारी कर भवन खाली करा लिया था, लेकिन अब तक यह खतरनाक ढांचा खड़ा हुआ था। आसपास के घने रिहायशी इलाके की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगम की टीम एक-एक मंजिल को नियंत्रित तरीके से ध्वस्त कर रही है।

खतरे के आधार पर होगा इमारतों का वर्गीकरण, DU ने भी दिए ऑडिट के निर्देश निगम मुख्यालय ने सभी जोनल उपायुक्तों को निर्देश जारी किए हैं कि खतरनाक ढांचों की पहचान कर उन्हें ‘खतरे की गंभीरता’ के आधार पर श्रेणीबद्ध किया जाए। अति-संवेदनशील भवनों को तुरंत खाली कराकर ध्वस्त या सील किया जाएगा। दूसरी ओर, सत्य निकेतन हादसे से सबक लेते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने भी अपने सभी कॉलेजों को अपनी इमारतों का स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट कराने के आदेश दिए हैं ताकि छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

 

Check Also

राघव चड्ढा के वोटर लिस्ट विवाद पर घमासान: AAP ने लगाया ‘पिछले दरवाजे’ से एंट्री का आरोप, चुनाव आयोग ने दी नियमों की दलील

नई दिल्ली। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के दिल्ली की मतदाता सूची में नाम जुड़ने को …