
दिल्ली ब्यूरो। देश की राजधानी दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में कानून के इकबाल को खुली चुनौती देने वाली खौफनाक वारदात सामने आई है। मुकुंदपुर के जनता विहार में नियमित वाहन चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर असमाजिक तत्वों ने अचानक जानलेवा हमला बोल दिया। बिना वैध दस्तावेजों वाली बाइक को जब्त कर थाने ले जाने से बौखलाए वाहन मालिक और उसके परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर धावा बोलकर उन्हें लहूलुहान कर दिया।
आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर लाठी-डंडों से बरसाए वार मुकुंदपुर स्थित जनता विहार में पुलिसकर्मी संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बिना कागजात की एक बाइक को जब्त कर थाने ले जाने की तैयारी की गई। इससे नाराज होकर बाइक मालिक और उसके परिवार के लोग उग्र हो गए। हमलावरों ने सोची-समझी साजिश के तहत पहले पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और फिर ईंट-पत्थर व डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मौके पर शोर सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंचे हेड कांस्टेबल टीनू को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा और उन पर भी बेरहमी से हमला कर दिया।
तीन पुलिसकर्मी लहूलुहान, नाबालिग दबोचा गया इस हिंसक झड़प में हेड कांस्टेबल दिनेश के सिर पर गंभीर चोट आई है। कुल तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार प्राथमिक इलाज के बाद सभी पुलिसकर्मियों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। वारदात के तुरंत बाद एक्शन में आई पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से एक 17 वर्षीय नाबालिग को पकड़ लिया, जबकि अन्य हमलावर भागने में सफल रहे।
हिस्ट्रीशीटर सुनील उर्फ पंकज की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश भलस्वा डेयरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 221, 132, 121(1), 110, 61 और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जांच में सामने आया कि वारदात का मुख्य आरोपी सुनील उर्फ पंकज इलाके का घोषित ‘बैड कैरेक्टर’ (बीसी) है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस समेत 5 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। मुख्य आरोपी और उसके साथियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
voice of india