Monday , 19 October 2026

दिनदहाड़े नाबालिग बालक को उठाकर ले जाने का प्रयास, दादी के शोर मचाने पर मासूम को गिराकर भागे, सिर में आई गंभीर चोट

सादाबाद क्षेत्र के कस्बे के मौहल्ला पोखरवाला की घटना, पुलिस जांच में जुटी

सादाबाद। कस्बे के मोहल्ला पोखरवाला में सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब तीन अज्ञात युवकों ने एक नाबालिग बालक को उठाकर ले जाने का प्रयास किया। घटना के समय बालक अपने घर के दरवाजे पर खड़ा हुआ था, तभी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उसे जबरन उठाकर ले जाने लगे। इस मामले में पीड़ित बालक के पिता धीरज कौशिक पुत्र स्व. महेशचंद्र सोमवार को सादाबाद कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर में बताया कि जब बाइक सवारों ने बालक को उठाने की कोशिश की तो बालक के शोर मचाने पर उसकी दादी उमा शर्मा मौके पर पहुंच गईं और शोर मचाया। लोगों के इकट्ठा होने की आशंका पर आरोपी बालक को जमीन पर गिराकर मौके से फरार हो गए।

इस दौरान नाबालिग बालक के सिर में गंभीर चोट आई हैं। घटना के बाद परिजनों में दहशत का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि भागते समय आरोपी युवकों ने बालक की दादी को धमकी दी कि आज तो बच गया, मौका लगते ही अपना काम पूरा करेंगे। परिवार को दोबारा किसी बड़ी घटना की आशंका सता रही है। पीड़ित पिता की ओर से सादाबाद थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। कोतवाल योगेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Check Also

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: 10 दिन रेकी करने वाले तीनों शूटरों की पहचान उजागर, रैपिडो राइडर भी शामिल; अनिल पंडित का नया धमकी भरा ऑडियो वायरल

मुंबई के जुहू में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के …