Sunday , 19 April 2026

दगाबाज को उधार दिए डेढ़ करोड़, मुफ्त मिली आफत…सिर्फ छह किश्त अदा करने के बाद ठग हुआ लापता


– बैंक की नोटिस के बाद खोजा तो ठगी का खुलासा हुआ

कानपुर। दोस्त बनकर पीठ में विश्वासघात का छुरा भोंकने का मामला सामने आया है। रावतपुर में कम समय में ज्यादा मुनाफे के लालच में कारोबारी से 1.35 करोड़ की ठगी हो गई। ठग ने भरोसा जीतने के लिए कुछ रकम को बढ़ाकर वापस किया, इसके बाद ज्यादा रकम का निवेश कराया और अतिरिक्त कमाई के लिए जमीन को बंधक रखकर दोस्त को कर्ज दिलाया। इसके बाद कर्ज की रकम भी समेटकर चंपत हो गया। नया ठिकाना खोजने के दरमियान, ठग ने छह मासिक किश्तों का भुगतान किया था। बाद में बैंक से नोटिस आई तो दोस्त को दगाबाजी का अहसास हुआ।

दरअसल, रावतपुर के रोशन नगर निवासी मोहम्मद मेराजुद्दीन दरवाजे का कारोबार करते हैं। तीन साल पहले कारोबार के सिलसिले में सिविल लाइंस निवासी युवक से मुलाकात हुई, जोकि उन्नाव के स्लाटर हाउस में काम करता है। उसने व्यापार में पैसा लगाकर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। मेराज का कहना है कि, विश्वास में आकर उन्होंने नवंबर 2023 में बचत खाते में जमा एक लाख रुपए सौंप दिये। इसके बाद 15 मार्च 2024 को रिश्तेदारों से ब्याज पर पैसा लेकर 11 लाख रुपए का निवेश किया। इसके साथ ही छह क्रैडिट कार्ड से पांच लाख रुपए लेकर दगाबाज के हवाले कर दिये।

बैंक के जरिए भी चूना लगाया
मेराज का आरोप है कि, दगाबाज दोस्त ने कई बैंकों से उनके नाम पर लोन कराए और चेक के जरिए रकम निकालकर खुद रख ली। दिसंबर 2024 को छोटे भाई को बरगलाकर उसकी जमीन को बंधक रखकर 58 लाख रुपए का लोन कराया। भाई का विश्वास जीतने के लिए दगाबाज छह महीन तक यानी मई 2025 तक किश्तों का भुगतान किया। साथ ही रिश्तेदारों से बटोरी रकम का ब्याज भी दिया। विश्वास बनाए रखने के लिए तीन बार में करीब साढ़े तीन लाख रुपए वापस भी किए। इसके बाद दगाबाज ने मिलना और फोन उठाना बंद कर दिया। कुछ आशंका हुई तो खोजना शुरू किया। पता चला कि पहले हीरामन पुरवा में रहता था बाद में नवाबगंज, मसवानपुर और फिर सिविल लाइंस में रहने लगा। वह लगातार ठिकाने बदलता था, लेकिन वह समझ नहीं पाए। अब बैंक से लगातार रिकवरी के लिए दबाव होने लगा तो मेराज ने कई बार थाने में शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ एसीपी कल्याणपुर से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। एसीपी कल्याणपुर रंजीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

कानपुर में बवाल: चंपतनेवादा में आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त, पथराव के बाद पुलिस छावनी बना गांव; जानें क्या है पूरा मामला

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर स्थित बिल्हौर के ककवन थाना क्षेत्र में गुरुवार की …