Sunday , 25 October 2026

तीन बच्चियों के सिर से उठा मां बाप का साया : पत्नी को गोली से मारने के बाद पति ने खुद को भी उड़ाया, दोनों की मौत

 

फतेहपुर । गाजीपुर थाना क्षेत्र के लमेहटा गांव में रविवार भोर पहर दर्दनाक घटना से सनसनी फैल गई। घरेलू विवाद के बाद एक युवक ने पहले पत्नी को गोली मार दी और फिर खुद को भी तमंचे से उड़ा लिया। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान मुकेश निषाद (36) पुत्र लखन निषाद और उसकी पत्नी गुड़िया (27) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों की लव मैरिज वर्ष 2019 में हुई थी। दंपती की तीन बच्चियां प्रियांशी (5), दिव्यांशी (3) और जियांशी (8 माह) हैं जो अब अनाथ हो गई हैं। घटना के वक्त घर में सबसे छोटी बच्ची जियांशी रो रही थी। उसके रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। किसी तरह दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो दोनों पति-पत्नी खून से लथपथ पड़े थे। परिजनों के मुताबिक मुकेश कुछ समय से मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। वह करीब एक माह पहले दिल्ली से गांव लौटा था। उसके दो भाई मुखलाल और नरेश दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही गाजीपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से तमंचा और कारतूस के खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में दंपत्ति की मौत से मातम छाया हुआ है। आसपास के इलाके में घटना की चर्चा बनी हुई है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।

Check Also

UP Special TET 2026: यूपी स्पेशल शिक्षक पात्रता परीक्षा की तारीख घोषित, एग्जाम सिटी स्लिप जारी; जानें कब आएगा एडमिट कार्ड

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में स्पेशल शिक्षक पात्रता परीक्षा (Special TET 2026) की तैयारी कर रहे …