Saturday , 28 November 2026

खौफनाक अंजाम: गुस्से में बहू ने कुएं में लगाई छलांग, बचाने कूदे जेठ की भी मौत

-कुएं में थी जहरीली गैस, दमकल कर्मियों ने मशक्कत से निकाला
-पुलिस बोली बटवारे को लेकर घर में हुआ था विवाद

कानपुर देहात। घर में बटवारे को लेकर हुए विवाद में गुस्साई महिला ने कुएं में छलांग लगा दी। उसे बचाने के लिए जेठ भी कूद गया। जहरीली गैस होने से दोनों बेहोश हो गए। सूचना दमकल को दी गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को निकाल कर सीएचसी भेजा। वहां डाक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना से गांव में मातम छा गया। मामला मंगलपुर के बलवंतपुर गांव का है।

सूत्रों के मुताबिक के अनुसार बलवंतपुर गांव के पिंटू की पत्नी कविता (30) ने मंगलवार सुबह कुएं में छलांग लगा दी। उसे बचाने के लिए उसका जेठ नरेंद्र (50) भी कूद गया। दोनों कुएं के अंदर बेहोश हो गए। कोई हलचल न होने पर सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड ने पहुंच कर काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। उन्हें हवासपुर सीएचसी भेजा गया। वहां डाक्टर तहजीब फातिमा ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एसडीएम सिकंदरा शालिनी उत्तम और मंगलपुर प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक छानबीन में सामने आ रहा है कि घर में बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। इसके चलते गुस्से में आकर महिला ने कुंए में कूद गई। उसे बचाने में उसके जेठ की भी मौत हो गई।

बिलखते रहे परिजन, गांव में मातम
कविता की मौत के बाद उसके मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका की भाभी का कहना है कि कविता के साथ मारपीट की गई। इससे उसने कुंए में छलांग लगा दी। आरोप है कि जेठ व अन्य ससुरालीजन प्रताडि़त करते थे। घर में दो मौतों से कोहराम मच गया। मृतका का पति पिंटू, तीन वर्षीय बेट अनमोल, पांच वर्षीय बेटी मोहिनी रोते रहे। वहीं मृतक नरेंद्र की पत्नी विमलेश, बेटे शिवम (18) और प्रांशू (8) का रो रोकर बुरा हाल है। गांव में एक साथ दो मौतों से सन्नाटा पसरा रहा।

Check Also

Delimitation Bill: परिसीमन विधेयक पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला, बोले- यह भाजपा की सबसे बड़ी भूल साबित होगा; सदन से गैरहाजिर रहने की अटकलों पर लगाया विराम

लखनऊ। केंद्र सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के विशेष सत्र और संभावित परिसीमन विधेयक को …