Monday , 31 August 2026

कौशांबी में भीषण विस्फोट: घर में बन रहे थे पटाखे, अचानक हुआ जोरदार धमाका; भरभराकर गिरा मकान, कई घायल

कौशांबी उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पिपरी थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में एक मकान के भीतर अवैध रूप से पटाखा बनाते समय अचानक भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि पूरा पक्का मकान ताश के पत्तों की तरह जमींदोज हो गया। इस दर्दनाक हादसे में कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की आशंका है। अचानक हुए इस धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

दो किलोमीटर दूर तक गूंजी धमाके की आवाज, आसपास के घरों में आईं दरारें

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, गांव की घनी आबादी से कुछ दूरी पर स्थित एक मकान में पटाखा बनाने का काम चल रहा था। सोमवार सुबह अचानक हुए धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके के कंपन से आसपास बने कई मकानों की दीवारों में गहरी दरारें आ गईं। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे से घायलों को निकाला और खेतों के रास्ते तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

सीमा पर स्थित होने से प्रयागराज से भी पहुंची पुलिस फोर्स

महमदपुर गांव कौशांबी और प्रयागराज जिले की सीमा पर स्थित है। भीषण विस्फोट की खबर मिलते ही दोनों जिलों के प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज कमिश्नरेट से एसीपी धूमनगंज रवि गुप्ता और पूरामुफ्ती थाने की पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

इलाके को कराया गया खाली, मलबे में तलाश जारी

एहतियात के तौर पर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के दायरे को सील कर दिया है और आसपास के घरों को खाली कराया जा रहा है। मलबे को हटाने और यह सुनिश्चित करने का काम जारी है कि कोई अन्य व्यक्ति मलबे में दबा न हो। एसीपी रवि गुप्ता ने बताया कि विस्फोट के सटीक कारणों की पड़ताल की जा रही है और अवैध पटाखा निर्माण के इस पूरे मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Check Also

‘मैं जिंदा हूं, टीवी पर अपनी ही मौत की खबर देख रहा हूं’: लखनऊ हत्याकांड में हिंदू युवा वाहिनी नेता का वीडियो वायरल, जानिए क्या है पूरा मामला

लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में रविवार को …