
सुजातगंज मे बेलगाम इनोवा ने साइकिल सवारों को कुचला
– भागने के चक्कर में ई-रिक्शा और पिकअप से टक्कर
– नशेबाज ड्राइवर भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
कानपुर। देसी शराब का नशा और कोहरे का कहर दो जिंदगियों के लिए दर्दनाक साबित हुआ। रेलबाजार थानाक्षेत्र के सुजातगंज मोहल्ले में रविवार सुबह कोहरे की धुंध के बीच बेलगाम इनोवा ने दो साइकिल सवारों को रौंद दिया। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद भागने के चक्कर में नशेबाज इनोवा ड्राइवर ने कई और वाहनों को टक्कर मारी, लेकिन अंत में सड़क किनारे खड़े पिकअप से टकराकर रफ्तार थम गई। नशेबाजी में तेज रफ्तार के नतीजे में इनोवा कार का ड्राइवर भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ है, जिसे हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये दर्दनाक हादसा रविवार को हुआ। श्यामनगर के रामपुरम निवासी शैलेश कुमार (57) कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन में सफाई कर्मचारी की नौकरी करते थे। चार भाइयों मे तीसरे नंबर के शैलेश के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे अभिषेक और रितिक हैं। रविवार सुबह साइकिल लेकर ड्यूटी के लिए निकले शैलेश को सुजातगंज में पीछे से आई तेज रफ्तार इनोवा कार ने सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा को टक्कर मारने के बाद रौंद दिया। परिजनों के मुताबिक, शैलेश को तीन साल बाद सेवानिवृत्त होना था। शैलेश को कुचलने के बाद भागने के चक्कर में इनोवा कार अनियंत्रित हुई और नौकरी के बाद घर लौट रहे प्रशांत झा को सामने से टक्कर मारकर रौंद दिया। मूल रूप से बिहार के मधुवनी जिले के प्रशांत बीते 12 साल से छप्पनभोग चौराहे के पास किराए के मकान में परिवार के साथ रहते थे। परिजनों के मुताबिक, कैंट स्थित स्टेटस क्लब में गार्ड की नाइट नौकरी करने के बाद घर लौटते समय हादसा हुआ है। प्रशांत के परिवार में पत्नी प्रीति समेत दो बेटे रहते हैं। कार ड्राइवर की पहचान श्यामनगर के नेहुरा गांव निवासी इंतियाज के रूप में हुई है, जो किसी टैवेल्स की कार चलाता है।
दोनों साइकिल सवारों को मौत की नींद सुलाने के बाद इम्तियाज ने इनोवा कार समेत भागने का प्रयास किया, लेकिन नशे के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़़ी एक कार से टकराने के बाद पिकअप में जा घुसी। इलाके के लोगों के कार से बाहर निकालने के बाद इम्तियाज के मुंह से देसी शराब की बदबू महसूस हुई थी।
सुजातगंज के देसी ठेके पर गटकी थी शराब
इलाके के प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सीओडी गेट के सामने और सुजातगंज पुलिस चौकी से कुछ कदम की दूरी पर देसी शराब का ठेका है। यहां दिन-रात शराब बिकती है। रविवार तड़के ठेका खुलने के बाद इनोवा कार के ड्राइवर इम्तियाज ने इसी ठेके से देसी शराब खरीदने के बाद कार में बैठकर गटकी थी। सुजातगंज में सानिया टेंट हाउस के सामने हुए हादसे के दौरान सड़क पर भीड़ नहीं थी। लोगों ने बताया कि एक तो रविवार छुट्टी का दिन था, दूसरा कोहरा ज्यादा था। इस कारण सड़क पर सामान्य की अपेक्षा भीड़ कम थी, अन्यथा हताहतों की संख्या ज्यादा होती।
voice of india