Sunday , 6 September 2026

कानपुर में हाईटेंशन लाइन टूटने से भारी बवाल: कार और बाइकें जलकर खाक, चपेट में आई गाय, बाल-बाल बचीं दर्जनों जानें

कानपुर ब्यूरो: शहर के घनी आबादी वाले ग्वालटोली थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अहिरान इलाके में सुबह करीब 8:30 बजे अचानक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन भरभराकर नीचे खड़ी गाड़ियों पर गिर गई। तार गिरते ही तेज धमाके के साथ भीषण चिंगारियां उठीं और देखते ही देखते मौके पर खड़ी एक कार और तीन से चार दोपहिया वाहन आग की लपटों में घिर गए। करंट की चपेट में आने से पास ही बंधी एक गाय भी गंभीर रूप से झुलस गई।

धमाके के साथ गिरी लाइन, इलाके में मची भगदड़

रविवार की सुबह जब लोग अपनी दिनचर्या में व्यस्त थे, तभी अचानक ऊपर से गुजर रही जर्जर हाईटेंशन लाइन टूटकर सड़क पर गिर पड़ी। जमीन से छूते ही बिजली की तेज चिंगारियों और लपटों ने वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की विकराल लपटें और करंट फैलने की आशंका से पूरे इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। गनीमत यह रही कि जिस वक्त तार गिरा, उस समय सड़क पर कोई राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान होने से टल गया।

शिकायत के 2 घंटे बाद भी नहीं पहुंचा अमला, लोगों का फूटा गुस्सा

हादसे में अपनी कार गंवा चुके पीड़ित नीरज यादव ने बिजली विभाग पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि तार टूटने और आग लगने की तत्काल सूचना उपकेंद्र और कंट्रोल रूम को दी गई, लेकिन घटना के दो घंटे बीत जाने के बाद भी विभाग का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या लाइनमैन मौके पर नहीं पहुंचा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली के तार जर्जर हालत में झूल रहे हैं, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद इनकी सुध नहीं ली गई।

जर्जर तारों को बदलने और लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग

इस हादसे के बाद ग्वालटोली के अहिरान इलाके में बिजली विभाग के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों और पीड़ित वाहन स्वामियों ने लापरवाह विभागीय कर्मियों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि रिहायशी इलाकों के ऊपर से गुजरने वाली इन खतरनाक और जर्जर हाईटेंशन लाइनों को तत्काल दुरुस्त या भूमिगत नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता है।

Check Also

मुजफ्फरनगर में सनसनी: जन्माष्टमी पर मंदिर गई 14 साल की नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म, मुख्य आरोपी समीर गिरफ्तार, होश आने पर सुनाई आपबीती

मुजफ्फरनगर : जनपद के छपार थाना क्षेत्र अंतर्गत छपरा गांव से एक दिल दहला देने …