
कानपुर देहात। महज साठ दिन पहले जिस मोहब्बत ने धर्म की दीवारें लांघकर साथ जीने-मरने की कसमें खाई थीं, रविवार को उसका बेहद रूह कंपा देने वाला अंत हो गया। अकबरपुर के नेहरू नगर में किराए के मकान में रह रहे गजेंद्र संखवार ने बेवफाई और फोन पर किसी गैर से बात करने के शक में अपनी पत्नी सपना उर्फ आसमां (30) के सिर पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ प्रहार कर उसकी जान ले ली। खूनी खेल खेलने के बाद आरोपी पति भागा नहीं, बल्कि खुद पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल कर पत्नी की हत्या की सूचना दी।

अचानक पहुंचा पति तो काट दिया कॉल, मोबाइल मांगने पर छिड़ गया विवाद
मूल रूप से डेरापुर के डुडौली गांव का निवासी गजेंद्र राजमिस्त्री का काम करता है। गांव की ही रहने वाली आसमां से उसका प्रेम प्रसंग चला था, जिसके बाद आसमां ने धर्म परिवर्तन कर अपना नाम सपना रख लिया। दोनों ने करीब दो महीने पहले माती कोर्ट में शादी कर ली थी और अकबरपुर के नेहरू नगर में किराए का कमरा लेकर रहने लगे थे। गजेंद्र के मुताबिक, जब वह मजदूरी पर जाता था तो सपना का किसी और से फोन पर बात करने का सिलसिला शुरू हो जाता था, जिसको लेकर वह काफी समय से शक के घेरे में थी। रविवार की सुबह करीब दस बजे सपना फोन पर किसी से बात कर रही थी। अचानक गजेंद्र को सामने देख उसने तुरंत कॉल काट दिया। गजेंद्र ने जब मोबाइल मांगा तो सपना ने देने से साफ इनकार कर दिया। इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस छिड़ गई।
आपे से बाहर हुआ पति, लोहे की रॉड से किया जानलेवा हमला
मोबाइल न देने पर उपजा विवाद कुछ ही पलों में खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। गुस्से से आगबबूला होकर गजेंद्र ने कमरे में रखी लोहे की भारी रॉड उठाई और सपना के सिर पर कई वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण सपना लहूलुहान होकर फर्श पर गिर पड़ी और तड़पने लगी। इसके तुरंत बाद गजेंद्र ने फोन उठाकर यूपी 112 पर कॉल की और पुलिस को बताया कि उसने पत्नी के सिर पर रॉड मार दी है।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
सूचना मिलते ही अकबरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में खून से लथपथ महिला को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में भारी सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी गजेंद्र को हिरासत में ले लिया है और घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल की गई रॉड को कब्जे में लेकर फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं।
दो महीने की शादी में सपना की तीसरी और गजेंद्र की दूसरी थी गृहस्थी
जांच में सामने आया है कि सपना की यह तीसरी और गजेंद्र की दूसरी शादी थी। बड़े अरमानों और समाज के बंधनों को तोड़कर दोनों ने माती कोर्ट में नई जिंदगी की शुरुआत की थी, लेकिन अविश्वास और शक के साए ने महज दो महीने के भीतर इस रिश्ते को लहूलुहान कर दिया। अकबरपुर थानाध्यक्ष हरमीत सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में मोबाइल देखने को लेकर हुआ विवाद और अवैध संबंधों का शक हत्या की मुख्य वजह बनकर उभरा है।
“अकबरपुर में रहने वाले युवक ने यूपी 112 पर सूचना दी थी कि उसने रॉड मारकर पत्नी की हत्या कर दी है। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।”
— आलोक प्रसाद, एएसपी, कानपुर देहात
voice of india