
बरेली ): कर्नाटक लोक सेवा आयोग (KPSC) भर्ती परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले की आंच अब उत्तर प्रदेश के रोहिलखंड तक आ पहुंची है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने रविवार को 2016 बैच के कर्नाटक कैडर के आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार के बरेली स्थित पैतृक आवास पर जोरदार छापेमारी की। केंद्रीय जांच एजेंसी और लखनऊ विंग के अधिकारियों ने नवाबगंज क्षेत्र के हिमकरपुर चमरुआ गांव पहुंचकर घंटों तक छानबीन की और कई अहम सुराग जुटाए।
घर में नजरबंद रहे परिजन, देर शाम तक चली कार्रवाई
रविवार को जब ED की संयुक्त टीम ने आईएएस अधिकारी के पैतृक घर पर दस्तक दी, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और कार्रवाई पूरी होने तक परिवार के सदस्यों को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। टीम ने देर शाम तक चले इस सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान कई अहम जानकारियां जुटाईं। हालांकि, जांच एजेंसी को मौके से किन महत्वपूर्ण दस्तावेजों या संपत्तियों के ब्योरे हाथ लगे हैं, इसका आधिकारिक खुलासा अभी नहीं किया गया है।
पूर्व परीक्षा नियंत्रक पर गंभीर आरोप, जांच का दायरा बढ़ा
कर्नाटक कैडर के 2016 बैच के आईएएस ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार पूर्व में KPSC के परीक्षा नियंत्रक पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उनके कार्यकाल के दौरान भर्ती परीक्षा में हुई धांधली को लेकर उन पर गंभीर आरोप लगे थे, जिसके बाद से ही वह जांच एजेंसियों के रडार पर थे। इससे पहले झारखंड पेपर लीक के तार भी लखनऊ से जुड़ चुके हैं। अब कर्नाटक भर्ती घोटाले के लिंक बरेली तक पहुंचने से विभिन्न राज्यों की प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता, निष्पक्षता और भर्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
voice of india