Wednesday , 5 August 2026

औरैया : खाद की किल्लत से भड़के किसान, सचिव को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में डीएपी खाद की भारी किल्लत के चलते किसानों का गुस्सा अब फूट पड़ा है। बिधूना तहसील क्षेत्र की बैसौली समिति पर गुरुवार को खाद वितरण के दौरान हंगामा हो गया। खाद न मिलने से नाराज किसानों ने समिति सचिव कृष्ण कुमार को दौड़ा-दौड़ाकर पीट दिया। इस दौरान वहां अफरातफरी मच गई और सचिव किसी तरह जान बचाकर भाग निकले।

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें किसान सचिव को दौड़ाते और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि सैकड़ों किसान सुबह से लाइन में लगे थे, लेकिन केंद्र पर केवल 300 बोरी डीएपी खाद ही उपलब्ध थी। कई घंटे इंतजार के बाद जब अधिकांश किसानों को खाद नहीं मिली तो उनमें आक्रोश फैल गया।

मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक सचिव भाग चुके थे। घटना के बाद समिति पर खाद वितरण रोक दिया गया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। शुक्रवार की सुबह बिधूना क्षेत्राधिकारी पुनीत मिश्रा ने बताया कि सचिव की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। तीन किसानों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

जनपद के किसानों का कहना है कि जिले में लगातार खाद की कमी बनी हुई है, जिससे बुवाई का समय निकलता जा रहा है। प्रशासन से बार-बार मांग के बावजूद पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही।

Check Also

पेपर लीक और धांधली पर कसेगा शिकंजा: ‘लोक परीक्षा अधिनियम 2026’ को राष्ट्रपति की मंजूरी, अब नहीं बचेंगे माफिया और फर्जी कोचिंग संस्थान

नई दिल्ली। देश में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता बनाए रखने और हाल के वर्षों में …