Tuesday , 6 October 2026

उमेश पाल हत्याकांड: 5 लाख का इनामी शूटर अरमान गया जेल से प्रयागराज रवाना, परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका

प्रयागराज/गया प्रयागराज के बहुचर्चित उमेश पाल हत्याकांड में नामजद और पांच लाख रुपये के इनामी शूटर मोहम्मद अरमान को उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। बिहार की गया सेंट्रल जेल में बंद अतीक अहमद गैंग के इस शार्प शूटर को रविवार शाम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यूपी पुलिस टीम प्रयागराज के लिए लेकर रवाना हो गई। प्रयागराज पुलिस की स्पेशल टीम कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शाम करीब 5 बजे बेहद गोपनीय तरीके से अरमान को जेल से बाहर निकालकर ले गई। गया के एसएसपी सुशील कुमार ने यूपी पुलिस द्वारा अरमान को ट्रांजिट रिमांड पर ले जाए जाने की आधिकारिक पुष्टि की है।

जेल गेट पर इंतजार करते रह गए परिजन, जताई अनहोनी की आशंका अरमान को यूपी ले जाने की खबर जैसे ही फैली, उसके परिजन आनन-फानन में गया सेंट्रल जेल के मुख्य द्वार पर पहुंच गए। अरमान के छोटे भाई इमरान ने आरोप लगाया कि जेल प्रशासन से संपर्क करने पर उन्हें शुरुआत में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई और वे बाहर इंतजार करते रहे। बाद में पता चला कि पुलिस टीम शाम 5 बजे ही अरमान को लेकर निकल चुकी है। इमरान ने आशंका जाहिर की है कि प्रयागराज ले जाए जाने के दौरान रास्ते में उसके भाई के साथ कोई अनहोनी हो सकती है, जिसे लेकर पूरा परिवार दहशत में है।

उमेश पाल और दो गनर की हत्या में था शामिल, बाइक पर बैठा था गुड्डू मुस्लिम 24 फरवरी 2023 को प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में अधिवक्ता उमेश पाल और उनकी सुरक्षा में तैनात दो सरकारी गनर (संदीप निषाद और राघवेंद्र सिंह) की दिनदहाड़े बम और गोलियां बरसाकर नृशंस हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड के सीसीटीवी फुटेज में एक सफेद अपाचे बाइक पर दो शूटर दिखे थे। पुलिस जांच के अनुसार, बाइक मोहम्मद अरमान चला रहा था, जबकि उसके पीछे बैठकर बमबाजी करने वाला बमबाज गुड्डू मुस्लिम था। वारदात के बाद से ही अरमान फरार चल रहा था और यूपी पुलिस ने उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

प्रयागराज में कत्ल के बाद गया में किया था सरेंडर, साढ़े तीन साल से था बंद प्रयागराज में सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद अरमान यूपी पुलिस की रडार से बचने के लिए सीधे अपने गृह नगर बिहार के गया भाग गया था। गया शहर के कठोतर तालाब मोहल्ले के रहने वाले अरमान ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए वहां एक स्थानीय मामले (भोलू अंडा वाले पर फायरिंग केस) में नाम दर्ज होने के बाद अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था। 27 फरवरी 2023 को उसे गया सेंट्रल जेल भेज दिया गया था, जहां वह तब से बंद था। इधर, यूपी पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी, लेकिन वह पड़ोसी राज्य की जेल में सुरक्षित बैठा रहा।

धूमनगंज पुलिस ने जेल में की थी शिनाख्त, कोर्ट से मिली ट्रांजिट रिमांड बीती 30 सितंबर को प्रयागराज की धूमनगंज थाना पुलिस को खुफिया इनपुट मिला कि 5 लाख का इनामी शूटर अरमान गया सेंट्रल जेल में बंद है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम गया जेल पहुंची और कैदी रिकॉर्ड्स व बायोमेट्रिक मिलान के जरिए उसकी शिनाख्त पुख्ता की। इसके बाद 1 अक्टूबर को गया सिविल कोर्ट में अरमान की ट्रांजिट रिमांड के लिए अर्जी दाखिल की गई थी। कानूनी प्रक्रिया और अदालत की मंजूरी मिलने के बाद रविवार शाम यूपी पुलिस उसे प्रयागराज के लिए लेकर निकल गई, जहां उमेश पाल मर्डर केस और अतीक गैंग की साजिशों को लेकर उससे गहन पूछताछ की जाएगी।

 

Check Also

हवा में 9/11 जैसा खौफनाक मंजर: फ्लाईदुबई विमान को इजरायल के एयरपोर्ट से टकराने की थी साजिश, को-पायलट का कबूलनामा, जानिए और क्या-क्या हुए खुलासे 

नई दिल्ली दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान संख्या FZ1073 …