
सैकड़ों लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं बंदर।
पीजीआई, लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र के तेलीबाग पुलिस चौकी अंतर्गत ब्राह्मण टोला, बलदेव विहार में रहने वाली एक 8 वर्ष की छात्रा को बंदरों ने दौड़ाकर काट लिया, पीड़ित छात्रा घटना के समय टयूशन पढ़कर घर लौट रही थी।
बच्ची की चीख पुकार सुनकर दौड़े लोगों ने उसे बंदर से छुड़ाया,उसके घर वालों को सूचना देकर तत्काल नजदीक के निजी अस्पताल पहुंचाया जहां उसका उपचार चल रहा है।
पंकज सिंह रावत,पत्नी सोनिया सिंह रावत, बेटी अक्षिता सिंह रावत 8 वर्ष के साथ ब्राह्मण टोला, बलदेव विहार तेलीबाग लखनऊ में रहते हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार दोपहर बाद उनकी 8 साल की बेटी अक्षिता सिंह रावत जो कि कक्षा 2की छात्रा है, टयूशन पढ़कर घर लौट रही थी अभी वह घर से थोड़ी दूर थी तभी सैकड़ों लोगों को काट चुके बंदरों ने उस पर हमला कर उसके सिर,हाथ में काट कर घायल कर दिया,जिसको कृष्णा लाइफ लाइन अस्पताल पहुंचाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे अपेक्स ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।करीब 15 दिन पहले सोनिया सिंह रावत को भी बंदरों ने दौड़ाकर काट लिया था, और आज बेटी को भी काट लिया।
बताते चलें कि इस इलाके में बंदरों का बड़ा आतंक है,लोग परेशान हैं लेकिन बेबस हैं।
यहीं के रहने वाले दीपक शुक्ला ने बताया कि बीते एक महीने में सैकड़ों लोग इन बंदरों के शिकार हो चुके हैं। आतंक से आक्रोशित लोगों का कहना है कि,हम इतने बेबस हैं कि अपना बचाव भी नहीं कर सकते,अगर उससे बचने के लिए कोई कदम उठा लेंगे तो यही अभी तक सोया हुआ प्रशासन जेल में डाल देगा। वहीं स्थानीय पार्षद का कहना था कि निशब्द हूँ, जनप्रतिनिधि होने के बाद भी इस समस्या का समाधान मेरे पास नहीं है।
voice of india